चक्रान्त शिला - 24 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

3 min read · 12.4K reads

उसी एकान्त में घर दो
जहाँ पर सभी आवें:
वही एकान्त सच्चा है
जिसे सब छू सकें।
मुझ को यही वर दो
उसी एकान्त में घर दो
कि जिस में सभी आवें-मैं न आऊँ।
नहीं मैं छू भी सकूँ जिस को
मुझे ही जो छुए, घेरे समो ले।
क्यों कि जो कुछ मुझ से छुआ जा सका-
मेरे स्पर्श से चटका-न ही है आसरा, वह छत्र कच्चा है:
वही एकान्त सच्चा है
जिसे छूने मैं चलूँ तो मैं पलट कर टूट जाऊँ।
लौट कर फिर वहीं आऊँ किन्तु पाऊँ
जो उसे छू रहा है वह मैं नहीं हूँ :
सभी हैं वे। सभी : वह भी जो कि इस का बोध
मुझ तक ला सका।
उसी एकन्त में घर दो-यही वर दो।
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories