चक्रान्त शिला – 11 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

3 min read · 12.4K reads

तू नहीं कहेगा?
मैं फिर भी सुन ही लूँगा।
किरण भोर की पहली भोलेपन से बतलावेगी,
झरना शिशु-सा अनजान उसे दुहरावेगा,

घोंघा गीली-पीली रेती पर धीरे-धीरे आँकेगा,
पत्तों का मर्मर कनबतियों में जहाँ-तहाँ फैलावेगा,
पंछी की तीखी कूक फरहरे-मढ़े शल्य-सी आसमान पर टाँकेगी,
फिर दिन सहसा खुल कर उस को सब पर प्रकटावेगा,

निर्मम प्रकाश से सब कुछ पर सुलझा सब कुछ लिख जावेगा।
मैं गुन लूँगा। तू नहीं कहेगा?
आस्था है, नहीं अनमना हूँगा तब-मैं सुन लूँगा।
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories