अलंकार-शास्त्री

अजित बरुवाअजित बरुवा

1 min read · 12.4K reads

उदास मैं नहीं, हे अलंकार-शास्त्री!

वायु ही है उदास

व्यर्थ ही डोलती आती जाने कहाँ से

जाने किस दिशा उड़ जाती...

अश्वत्थ-पात साँस रोके

गिन रहे पल

सखियती पंछी के पंखों की तपिश

और सुनहरी धूप ओढ़े

कोमल पत्तों की शिराएँ कोमल

देखो कैसी संदिग्ध औ’ चौकस!

शांत करने अशांत मन को

आएगी न शीतल वायु?

मेरी उपेक्षा पाकर भी

लता लदी है गुलाबों से

सखा ब्रह्मपुत्र का

झोंका हवा का

घाटियों में सुदूर पर्वतों की

जाकर भी नहीं जाता

वशीभूत हो एक सनक के

उदास है पर्वत, हे अलंकार-शास्त्री!

मेरी धमनियों के

स्पंदन में है

ताल मेरे पद्य की

हे छंद-शास्त्री!

भूल जाओ...मैं विगलित

आत्मा में किस पगले कवि की

स्वप्न हरी घास का

रंग ले गिलहरी-सा

छप्पर पर छा जाना

कतरता मैं निर्दय

बनाने को उसे—उर्वरा

गुलाबों के लिए

प्रश्न कभी न उठाना

सार्थकता का, हे अलंकार-शास्त्री!

अजित बरुवा
About the poet

अजित बरुवा

असमिया भाषा के सुप्रतिष्ठित कवि, समालोचक और अनुवादक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 1 Poems / Stories