दुख और पहाड़ - अजय कृष्ण

Ajay Krishanअजय कृष्ण21 Oct 1966

4 min read · 12.4K reads

दुख और पहाड़ का बहुत गहरा रिश्ता है
पहाड़ की गोद में
दुख पाता है सुकून और
चोटी पर आसन्न रहती है उदासी

इसकी ढलानों पर थककर
सोए रहते हैं विचार
उगता है जब लाल सूरज पर्वत पर
दर्शन बन कर जागते हैं विचार...
और फिर ग़र्क होता सूरज थककर
घनतम अन्तर अंधकार में
कभी-कभी चलती है बयार और सरसरा उठते हैं वृक्ष पौधे पत्तियाँ
पहाड़ रहता है स्थिर लेकिन
शान्त , अविचलित गंभीर और
आसमान रहता है शून्य विचारमग्न ।
 
घने हिम अंधकार में ठिठुरती हैं चट्टानें जब
दरारों से रिसती है नदी
और तारों के आँसू
टपकते हैं चाँद पर
पहाड़ का वज़न दुख का वज़न है।

(2003)
Ajay Krishan
About the poet

Ajay Krishan अजय कृष्ण

जन्म: 21 अक्तूबर 1966 जन्म स्थान कोलकाता, पश्चिमी बंगाल, भारत कुछ प्रमुख कृतियाँ क़ैद है एक नन्हीं उम्मीद (कविता-संग्रह)

View profile & all 13 Poems / Stories