प्रोपगंडा'-प्रभु का प्रताप प्रचंड है

Acharya Shivpujan SahayAcharya Shivpujan Sahay9 Aug 1893 – 21 Jan 1963

6 min read · 14.1K reads

प्रोपगंडा'-प्रभु का प्रताप प्रचंड है - 'जिन्‍हके जस-प्रताप के आगे, ससि मलीन रवि सीतल लागे।' यदि आज 'भूषण' और 'पद्माकर' जीवित होते तो इनके यश और प्रताप का भड़कीला वर्णन कर सकते। मैं भला चूहे के चाम से दमामा कैसे मढ़ सकता हूँ? फिर भी आँख-कानवाला जन्‍तु हूँ, जिनके आँख-कान हैं उन्‍हें तो सुझा-बुझाकर प्रभुजी के प्रताप की बानगी दिखा ही दूँगा।

इनके प्रताप-सूर्य की किरणें सभी क्षेत्रों में प्रवेश कर गई हैं। राजनीतिक क्षेत्र में इनके जुए के नीचे कन्‍धा देने से कोई न बचा। साहित्यिक क्षेत्र में इन्‍हीं के प्रताप-प्रभाव से कुछ लोगों के चेहरे की लाली बनी हुई है। धार्मिक क्षेत्र में कितने ही लोग बाघम्‍बर ओढ़े दूसरों की हरी-भरी खेती चर रहे हैं। सामाजिक क्षेत्र में बहुतेरों की पाँचों उँगलियाँ घी में हैं - यद्यपि बाकी पाँच पर वे दिन गिन रहे हैं। व्‍यापारिक क्षेत्र में, इन्‍हीं प्रभुजी की छत्रच्‍छाया में, कुछ लोग जवानी की खैरात बाँट रहे हैं, नपुंसक को साँड़ बना रहे हैं, बाँझ की कोख आबाद कर रहे हैं, संतानों की बाढ़ रोकने का बीमा लेकर घुड़दौड़ का मुफ्त टिकट काट रहे हैं, 'ययाति' को यौवन-दान देते हैं और 'सम्‍पाति' के पंख उगाते हैं।

इन प्रभुजी का भक्‍त हुए बिना न कोई चाँदी काट सकता है, न मूँछ पर ताव दे सकता है, न हार में जीत का सपना देख सकता है, न किसी को उलटे छुरे से मूँड़ सकता है, न दुनिया की आँखों में धूल झोंक सकता है, न मिथ्‍या महोदधि का मंथन कर असत्‍यरत्‍न निकाल सकता है, न जादू की छड़ी फेरकर गीदड़ को शेर बना सकता है, न छछूँदर के सिर में चमेली का तेल लगा सकता है, न सूखी रेत में नाव चला सकता है, न ढोल की पोल छिपा सकता है, न कोयले पर मोहर की छाप लगा सकता है; इस दुनिया में कुछ भी नहीं कर सकता।

जिसके मन में इनका प्रताप व्‍याप गया, उसका बेड़ा पार समझिए। वह चाहे तो पानी में आग लगा दे, हवा में महल बना दे, आकाश में कुसुम खिला दे, अमावस को पूर्णिमा करके दिखा दे, तिल का ताड़ और राई का पहाड़ कर दे, कौए को हंस की चाल चला दे, एक सेज के दम्‍पति को दो सेजों पर सुला दे, पतोहू से सास का झोंटा नुचवा दे, भाई की पीठ में भाई की कटार भोंकवा दे, परदे की आड़ में रहकर रंगमंच पर खून-खराबा मचा दे, भीषण रेल-दुर्घटना में भी मौत को अँगूठा दिखा दे; चाहे जो कुछ कर दिखाना उसके बाएँ हाथ का खेल है; वह दुनिया को अँगुलियों पर नचा सकता है।

तुलसीदास ने लिखा है - 'श्री रघुबीर प्रताप से सिन्‍धु तरे पाषान' - शायद उन्‍हें इन प्रभुजी के प्रताप का पता न था। इनके प्रताप से ही अग्निवर्षा पुष्‍पवृष्टि बन जाती है, मारतों के पीछे और भागतों के आगे रहने वालों के सिर सेहरा बँध जाता है, दूध का धुला भी कालिख से पुता नजर आता है, लंकाकाण्‍ड में भी हिमालय की हिमवर्षा का दृश्‍य उपस्थित होता है, घनघोर महाभारत में भी केवल पाण्‍डवों का ही संहार होता है और कौरवों का बाल भी बाँका नहीं होता ! धन्‍य है प्रोपगंडा-प्रभु का प्रबल प्रताप ! ऐसा प्रताप तो रावण का भी न था ! उसकी बहन की नाक उसके जीते-जी काटी गई; मगर इन प्रभुजी की बहन 'बेहयाई' तो सारी दुनिया में छाती ताने फिरती है, कोई आँखें तो बराबर कर ले ! उसके देखते-ही-देखते उसका लंका-गढ़ एक वानर ने जला डाला, प्रभुजी का दुर्गम गढ़ 'सफेद झूठ' तो प्रलयाग्नि की लपटों को भी जुगनू की जोत बना देता है। प्रोपगंडा-प्रभु का पटतर पाना असंभव है।

श्री हनुमानजी राम प्रताप सुमिर‍कर कल्‍पनातीत कार्य कर डालते थे ! प्रोपगंडा-प्रभु का प्रताप भी यदि आपकी सुमिरनी का ध्‍येय बन जाय तो आप भी बिना हर्रे-फिटकरी के अपना रंग चोखा बना सकते हैं। तब तो राजनीति क्षेत्र में सदा आपकी पौ बारह है! आप मजे से खद्दर की खाल में स्‍वार्थ का भुसा भर सकते हैं। फिर तो मंच पर दहाड़िए और लंच में 'व्हिस्‍की' की चुसकी लीजिए। लच्‍छेदार भाषा से वाग्‍जाल बुनकर बुद्धुओं को फँसाइए। वाक्प्रपंच का ही तो यह युग है। प्रभु-प्रताप से आप में ऐसी वचनचातुरी आ जाएगी कि आप दुनिया को चकमा देकर काजल की कोठरी से भी बेदाग निकल जाइएगा। आपके प्रतापी प्रभु की बहन खुद ही दुनिया की नाक काट लेगी। आपके प्रभु के गढ़ में शत्रु-सेना की तो बात ही क्‍या, बड़े-बड़ों की बुद्धि भी न पैठ सकेगी। और, प्रभु -प्रताप का सुमिरन करते हुए कहीं आप साहित्यिक क्षेत्र में जा पड़े, तो फिर कीर्ति की कलँगी लगी हुई गद्दीधर की पगड़ी आपके सिर। लीजिए सुविधाएँ, भोगिए अधिकार। अयोग्‍यता आपके तहखाने में घूँघट काढ़े बैठी रहेगी और योग्‍यता केवल 'पाउडर' और 'लिपस्टिक' के बल पर हाट-बाट में मटकती फिरेगी। इसी तरह धार्मिक क्षेत्र में भी आप प्रभु-प्रताप से मन का घोड़ा सरपट दौड़ा सकते हैं, कहीं खन्‍दक-खाई न मिलेगी। अगर बाना आप ठीक बनाए रहें तो गोमुखी में चौमुखी कतरनी भी रख सकते हैं; एक ही मठ में आप विविध प्रकार के यज्ञकुण्‍ड रख सकते हैं। नीचे लंगरखाने का नगाड़ा, ऊपर इन्‍द्र का अखाड़ा! यदि सचमुच आप प्रभु-प्रताप का मन्‍त्र जपते रहे तो सारी दुनिया को आप अपनी टाँगों के नीचे से निकाल देंगे। ऐसा प्रखर प्रताप है प्रोपगंडा-प्रभु का!

Acharya Shivpujan Sahay
About the poet

Acharya Shivpujan Sahay

Acharya Shivpujan Sahay (9 August 1893 – 21 January 1963) was a noted Hindi novelist, editor and prose writer. After his early education and a short stint as a Hindi language teacher at Ara (1903–1921), Acharya Shivpujan Sahay went to Kolkata to edit 'Marwari…

View profile & all 4 Poems / Stories

More from Acharya Shivpujan Sahay

1. मैं धोबी हूँ, भगवान भी धोबी हैं

मैं धोबी हूँ, भगवान भी धोबी हैं। मैं कपड़े धोता हूँ, वे पाप धोते हैं। किन्तु वे पतितपावन कहलाते हैं, मैं सारे समाज की मलिनता का परिष्कार करके भी अछूत कहलाता हूँ! फिर भी, उन्होंने ही मुझे अपने-आपसे भी अधिक पतितपावनता दी है। वे तो केवल उसी पतित या पापी का उद्धार करते हैं जो उनकी शरण में पहुँच जाता है; पर मैं तो स्वयं घर-घर पहुँचकर लोगों का पातित्य दूर करके पवित्रता वितरित करता हूँ। तो भी मैं अस्पृश्य क्यों हूँ? इसका एक पौराणिक कारण है!जब ब्रह्मा ने मुझे पहले-पहल पैदा किया, मैंने उनसे पूछा ‘मैं कहाँ रहूँ, क्या करूँ?’ वे बोले ‘‘तुम्हें इन्द्र के पास रहना होगा, उन्हीं के कपड़े धोने होंगे; क्योंकि वे देवताओं के राजा हैं, सबसे बड़े शौकीन और विलासी हैं।’’ फिर क्या, मैं पहुँचा इन्द्र-लोक। वहाँ नन्दन-वन के कमल-कुमुद-मधुप-मराल-सेवित सरोवरों में कपड़े धोने लगा। उन धुले कपड़ों में हंसों की उज्ज्वलता और कमल-कुमुदों की सुरभि आ जाती थी। अन्नदाता प्रभु इन्द्र मेरे हाथ की सफाई से बड़े सन्तुष्ट हुए। उनके दरबार की अप्सराएँ भी मुझ पर ढलीं। अब मेरे घाट पर रंग-बिरंगे कपड़ों का पहाड़ खड़ा हो गया। महाकवि ‘बिहारीलाल’ के शब्दों में ‘मरगजे चीर’ खूब मिलते थे। ऐसी-ऐसी महीन साड़ियाँ जो मुट्ठी में समा जाती थीं। उन्हें निचोड़ने में जितना रसानुभव मैं करता था उतना तो गरीबों को चूसनेवाले नीबू-निचोड़ सूदखोर लहनदार भी न करते होंगे। मैं क्रमशः घार वसन-व्यसनी बन गया।

22.7K reads
2. मुण्डमाल

आज उदयपुर के चौक में चारों ओर बड़ी चहल-पहल है। नवयुवकों में नवीन उत्साह उमड़ उठा है। मालूम होता है किसी ने यहाँ के कुओं में उमंग की भंग घोल दी है। नवयुवकों की मूँछों में ऐंठ भरी हुई है, आँखों में ललाई छा गई है। सबकी पगड़ी पर देशानुराग की कलगी लगी हुई है। हर तरफ से वीरता की ललकार सुन पड़ती है। बाँके-लड़ाके वीरों के कलेजे रणभेरी सुनकर चौगुने होते जा रहे हैं। नगाड़ों से तो नाकों में दम हो चला है। उदयपुर की धरती धौंसे की धुधुकार से डगमग कर रही है। रण-रोष से भरे हुए घोड़े डंके की चोट पर उड़ रहे हैं। मतवाले हाथी हर ओर से, काले मेघ की तरह, उमड़े चले आते हैं।घंटों की आवाज से सारा नगर गूँज रहा है। शस्त्रों की झनकार और शंखों के शब्द से दसों दिशाएँ सरस-शब्दमयी हो रही हैं। बड़े अभिमान से फहराती हुई विजय-पताका राजपूतों की कीर्त्तिलता-सी लहराती है। स्वच्छ आकाश के दर्पण में अपने मनोहर मुखड़े निहारने वाले महलों की ऊँची-ऊँची अटारियों पर चारों ओर संुदरी सुहागिनियाँ और कुमारी कन्याएँ भर-भर अंचल फूल लिये खड़ी हैं। सूरज की चमकीली किरणों को उज्ज्वल धारा से धोये हुए आकाश में चुभने वाले कलश, महलों के मुँडेरों पर मुस्कुरा रहे हैं। बंदीवृंद विशद विरुदावली बखानने में व्यस्त हैं।

16.1K reads
3. कुंजी!

अगर मौके से टैक्सी-मोटर न मिल जाती तो समक्ष लीजिए कि गाड़ी छूट ही चुकी थी। मोटर ने तो एक का डेढ़ लेकर ठीक समय पर हावड़ा पहुँचा दिया, मगर वहाँ स्टेशन के कुली असबाब उठाने में हुज्जत करने लगे। पहले तो वे कंक की तरह असबाब पर टूट पड़े। फिर बारी-बारी करके एक रुपया, डेढ़ रुपया तक नीलामी डाक बोल गये! कुली क्या हैं, तीर्थ के पंडे हैं!एक संन्यासी ने झट आकर मेरी पेटी उठा ली और कहा ‘‘तुम विस्तर ले लो, जल्दी करो, नहीं तो गाड़ी छूट जाएगी।’’

12.9K reads

More Poetry & Stories You May Like