क्या जाने ये चलती गोली
ख़ाली कर गई किस की झोली
नगर नगर बारूद का धूआँ
बस्ती बस्ती ख़ून की होली
बिजली ने हँस कर बतलाया
डरती है बादल से भोली
मीठे मीठे उस के नग़्मे
मीठी मीठी मेरी बोली
फूल समझ कर हर पत्थर को
मैं ने भर ली अपनी झोली
सहराओं में छुपना चाहे
ख़ौफ़-ज़दा हिरनों की टोली
मेरे शे'रों में शीरीनी
क्या जाने है किस ने घोली
दूर रहा तो राहें देखें
पास आया तो आँख न खोली
है अय्यार ज़माना 'फ़र्रुख़'
तेरी बातें भोली भोली








