उसके जाने से है ख़ला कोई's image
NaN min

उसके जाने से है ख़ला कोई

कु. सुरेश सांगवान 'सरू’कु. सुरेश सांगवान 'सरू’
0 Bookmarks 41 Reads0 Likes

2122  1212   22
 
उसके जाने से है ख़ला कोई 
दिल के इतना क़रीब था कोई 
 
इल्म का जैसे हो दिया कोई 
है वो इंसाँ पढ़ा लिखा कोई 
 
रट लगाई थी मैंने जाने की 
आरज़ू थी कि रोकता कोई
 
पत्थरों से हज़ार वाकिफ़ था 
चोट फूलों से खा गया कोई 
 
आ गया अंत अब करो मुंसिफ 
फ़ैसला आर -पार का कोई 
 
रू-ब-रू सब के कह नहीं सकता 
उसका मेरा हिसाब था कोई 
 
वो जहाँ प्यार ख़त्म होता है 
ज़लज़ला दर्द का उठा कोई 
 
ज़िंदगी की उदास राहों में 
दूर तक चल नहीं सका कोई 
 
फिर यहाँ से बहार गुज़रेगी
आरज़ू में पड़ा रहा कोई 
 
मतलबी लोग प्यार क्या समझें
कान्हा है न राधिका कोई 
 
होश रहता नहीं किसी को यां
ज़िंदगी है या मयकदा कोई 

 

आपसे  है बहार का मौसम 
फूल हैं आप ख़ुशनुमा कोई 
 
एक ही चीज़ पर नहीं मुमकिन 
उम्र भर को रहे फ़िदा कोई 
 
बात इज्ज़त पे आ गई ऐसी 
कर सके हम न फ़ैसला कोई 
 
आज़मा ली हरिक दवा मैंने 
चाहिये अब मुझे दुआ कोई 
 
अपने साये को रोशनी दे जो 
दीप ऐसा नहीं मिला कोई 
 
इस कहानी में है ज़मीं ग़ायब 
आसमाँ भी नहीं लिखा कोई

No posts

Comments

No posts

No posts

No posts

No posts