चश्मे का अंधापन's image
NaN min

चश्मे का अंधापन

क्षितिज जैन ’अनघ’क्षितिज जैन ’अनघ’
0 Bookmarks 46 Reads0 Likes

कौन सा चश्मा लगाएँगे हुज़ूर
हर चश्मे की अपनी 
एक दुनिया निराली है
इन्हें लगाएँगे तो बदल जाएगी
आपके लिए 
पूरी दुनिया ही। 
 
हर रंग हर क़िस्म में 
बिक रहें हैं ये चश्मे
जिनको बेचने के लिए 
हैं लगाए हुए
हर ख़ेमे ने अपने अपने काउंटर
हर काउंटर पर हैं
धमाकेदार ऑफ़र्स
तो फिर क्यों मना करेंगे आप
इन अनोखे चश्मों को 
आँखों पर लगाने से। 
 
कोई दाम नहीं 
कोई क़ीमत नहीं
बस एक ही औपचारिकता 
देनी पड़ेंगी आँखें आपको 
इन चश्मों के लिए
पर घबराइए नहीं
क्योंकि इससे हल्का हो जाएगा
काम आपका ही
आपकी जगह देखेंगे ये चश्में 
अपने रंग से इस संसार को
और आप बने दर्शक
आनंद उठाइए अतरंगी दुनिया का
बिना किए मेहनत 
रंगों को पहचानने
या चुनने की। 
 
फ़ायदे का सौदा है जनाब
ले लीजिए कोई भी चश्मा
अपनी पसंद के रंग का
और लगाकर उस चश्मे को
हो जाइए आँख के अंधे
हमारे समाज में
जो पहले ही 
हो चुका धृतराष्ट्र है! 

No posts

Comments

No posts

No posts

No posts

No posts