
0 Bookmarks 64 Reads0 Likes
प्रेमचन्द के
पात्र अभी तक
घूम रहे मुँह बाये
परिवर्तन का
ढोल पीटते
थके नहीं अभिनेता
कलयुग को भी
बात-चीत में
बता रहे हैं त्रेता
झूठ बोल करके
ही सबका
मन कब से बहलाये
कहते तो हैं
गाँव-गाँव में
प्रगति हुई है भारी
फिर क्यों ‘होरी’ का
झोपड़िया में
रहना है जारी
रात-रात भर
नींद न आये
पटवारी हड़काये
बोझ क़र्ज़ का
लदा पीठ पर
आँख दिखाये बनिया
मजबूरी में
मज़दूरी संग
बेच रही तन ‘धनिया’
आँसू पी-पीकर
जीवन का
दर्द स्वयं सहलाये
काग़ज़ पर ही
दौड़ रही है
ख़ूब योजना उजला
‘घूरू’ के घर
कई दिनों से
चूल्हा नहीं जला
कैसे पाले पेट
सभी का
कहाँ जाय मर जाये
प्रेमचन्द के पात्र
अभी तक
घूम रहे मुँह बाये
No posts
No posts
No posts
No posts

Comments