
0 Bookmarks 63 Reads0 Likes
महा नगर की
दौड़ धूप में भाग रहे हैं लोग
कँवारे मौसम का
पागलपन सीख रहा छलना
चली हवा बदचलन
यहाँ पर सँभल सँभल चलना
स्नेहिल बन करके
कपटी बम दाग रहे हैं लोग
रोज़ी रोटी के जुगाड़
में गुमसुम हुआ सुआ
ख़ालीपन है बहके
सपने मन शैतान हुआ
मज़बूरी में क्या
करते बन काग रहे हैं लोग
अर्थशास्त्र का पाठ
पढ़ाकर तिल का ताड़ बनाते
इसकी टोपी उसके
सर पर रोज़-रोज़ पहनाते
जीवन यापन
स्वार्थ रज़ाई ताग रहे हैं लोग
कितने दिन तक
और चलेगा यूँ मन को बहलाना
नींद न आये रात न भाये
बस सपने सहलाना
अपनी अपनी
मजबूरी में जाग रहे हैं लोग
कौन चलाये उनकी
बातें उनकी बात निराली
ऊपर से हैं भरे-भरे
पर भीतर से ख़ाली
पानी देने वाले
पानी माँग रहे हैं लोग
महानगर की
दौड़ धूप में भाग रहे हैं लोग
No posts
No posts
No posts
No posts

Comments