
0 Bookmarks 51 Reads0 Likes
दादुर बोले झींगुर बोले
बारिश ने ली है अँगड़ाई
झरता सावन।
काले बादल झरते झम-झम
बहती नदियाँ धरती है नम।
बिजली चमके पानी हुमके
पेड़ नाचते पहने झुमके।
वसुंधरा फिर से हरयाई
ताल हुआ मन।
बन-ठन के जब मेघा बरसे
संध्या अपना रूप निहारे।
बूढ़ा बरगद झाड़ू लेकर
जीवन के सब दर्द बुहारे।
बूँदों की बजती शहनाई
खिलता जीवन।
उभर गई पीड़ा की सीलन
भीगें भीतर के सन्नाटे।
कही-अनकही बातें उगतीं
हरे-भरे सपनों के घाटे।
तन-मन की पीड़ा गदराई
बिखरा मधुवन।
No posts
No posts
No posts
No posts

Comments