काली's image
0 Bookmarks 7 Reads0 Likes

“बहू! गहने पहन लेना। यहाँ शहरों वाला हुलिया नहीं चलेगा। ठाकुर परिवार की बहू हो। आज मंदिर में हमारा भंडारा है। वहाँ सब की नज़र तुम पर ही होगी। पहली बहू तो मेरे बेटे को निगल गई। अब तुमसे ही आशा बँधी है।” 

“जी। क्या दीदी को खाना दे दूँ? हमें आते तीन बज जाएँगे।” 

“न। काली दे देगी। अभी मर न जाएगी,” माँजी अपनी गोट वाली बनारसी साड़ी पहनते बोली। 

उर्मि खिन्न सी तैयार होने चली गई। 

कुछ ही क्षणों में माँजी की चिंघाड़ती आवाज़ कानों में पड़ी, “बहू गंगा जल ले आ।” 

उर्मि चौंक गई। बाहर आँगन में काली गीले कपड़ों की बड़ी सी बाल्टी लिए थर-थर काँप रही थी और माँजी शेरनी की तरह उस पर दहाड़ रही थी . . . “मनहूस कहीं की, कितनी बार कहा है शुभ काम को जाते समय काली बिल्ली की तरह रास्ता मत काटा कर। मुँह ढाँप। छिः . . . छिः अशुद्ध . . . अपशकुन कहीं की। बहू . . . ला . . . गंगा जल छिड़क दे।” 

उर्मि को जैसे साँप सूँघ गया। खड़ी की खड़ी रह गई। माँजी फिर चिल्लाई, “अरे बहू जल छिड़क।” 

वह अचानक होश में आई और जल्दी-जल्दी जल छिड़कने लगी . . . 

“पर माँजी यह तो सुबह शाम यहीं रहती है आपके सामने और रात को तो आपके पैर . . . ” 

“अब लेक्चर मत झाड़ो बहू,” माँजी उर्मि की बात पूरी होने से पहले ही चाँदी का थाल लिए निकल गई। 

काली चेहरे से नहीं, क़िस्मत से काली थी। सोलह साल की बाल विधवा . . . माँजी की विशेष परिचारिका। 

उर्मि का मन कड़वा हो आया। मन में उठे रोष के ज्वार को दबा कर पूजा की थाल लिए वह चलने को हुई . . . गंगा जल से गीला फ़र्श . . . पैर फिसला . . . धड़ाम से गिरी . . .। पूजा की थाली दूर छिटक गई। 

“अरे बहू रानी . . . आप तो गिर गईं!” आवाज़ सुनकर काली भागती हुई आई और उसने उर्मि को पकड़ लिया। 

“हाँ बेटा! मैं गिर गई। सचमुच! बहुत गिर गई हूँ,” उर्मि कराह उठी। 

“पता नहीं क्या बोलतीं रहतीं है आप,” काली ने बाल्टी उठाई और कपड़े सुखाने चल दी। 

No posts

Comments

No posts

No posts

No posts

No posts