संस्कार (डॉ. मोहन सिंह यादव)'s image
NaN min

संस्कार (डॉ. मोहन सिंह यादव)

डॉ.  मोहन सिंह यादवडॉ. मोहन सिंह यादव
0 Bookmarks 53 Reads0 Likes

विवाह के बाद सुहागसेज पर बैठी एक नवविवाहिता स्त्री का पति जब भोजन का थाल लेकर अंदर आया तो पूरा कमरा उस स्वादिष्ट भोजन की ख़ुशबू से भर गया। रोमांचित उस स्त्री ने अपने पति से निवेदन किया कि माँ जी को भी यहीं बुला लेते हैं, हम तीनों साथ बैठकर भोजन करते हैं।

पति ने कहा, "छोड़ो उन्हें, वो खाकर सो गई होंगी। आओ हम साथ में भोजन करते हैं।"

प्यार से उस स्त्री ने पुनः अपने पति से कहा, "मैंने उन्हें खाते हुए नहीं देखा है।"

तो पति ने जवाब दिया कि क्यों तुम ज़िद कर रही हो, शादी के कार्यों से थक गयी होंगी, इसलिए सो गई होंगी, नींद टूटेगी तो खुद भोजन कर लेंगी। तुम आओ हम प्यार से खाना खाते हैं।

उस स्त्री ने तुरंत तलाक़ लेने का फ़ैसला कर लिया और तलाक़ लेकर उसने दूसरी शादी कर ली और इधर उसके पहले पति ने भी दूसरी शादी कर ली। दोनों अलग-अलग सुखी घर-गृहस्थी बसा कर ख़ुशी-ख़ुशी रहने लगे।

इधर उस स्त्री के दो बच्चे हुए जो बहुत ही सुशील, संस्कारी  और आज्ञाकारी थे। जब वह स्त्री साठ वर्ष की हुई, तो वह बेटों को बोली, "मैं चारों धाम की यात्रा करना चाहती हूँ ताकि तुम्हारे सुखमय जीवन के लिए प्रार्थना कर सकूँ।"

बेटे तुरंत अपनी माँ को लेकर चारों धाम की यात्रा पर निकल गये। एक जगह तीनों माँ बेटे भोजन के लिए रुके और बेटे भोजन परोस कर माँ से खाने की विनती करने लगे। उसी समय उस स्त्री की नज़र सामने एक फटेहाल, भूखे और गंदे से एक वृद्ध पुरुष पर पड़ी जो इस स्त्री के भोजन और बेटों की तरफ़ बहुत ही कातर नज़र से देख रहा था। उस स्त्री को उस पर दया आ गईं और बेटों को बोली, " जाओ पहले उस वृद्ध को नहलाओ और उसे वस्त्र दो फिर हम सब मिलकर भोजन करेंगे।"

बेटे जब उस वृद्ध को नहलाकर कपड़े पहनाकर उसे, उस स्त्री के सामने लाये तो वह स्त्री आश्चर्यचकित रह गयी। वह वृद्ध वही था जिससे उसने शादी की सुहागरात को ही तलाक़ ले लिया था। उसने उससे पूछा कि क्या हो गया जो तुम्हारी हालत इतनी दयनीय हो गई; तो उस वृद्ध ने नज़र झुका के कहा कि सब कुछ होते ही मेरे बच्चे मुझे भोजन नहीं देते थे, मेरा तिरस्कार करते थे, मुझे घर से बाहर निकाल दिया।

उस स्त्री ने उस वृद्ध से कहा, "इस बात का अंदाज़ा तो मुझे तुम्हारे साथ सुहागरात को ही लग गया था, जब तुमने पहले अपनी बूढ़ी माँ को भोजन कराने के बजाय उस स्वादिष्ट भोजन का थाल लेकर मेरे कमरे में आ गए और मेरे बार-बार कहने के बावजूद भी आप ने अपनी माँ का तिरस्कार किया। उसी का फल आज आप भोग रहे हैं।"

No posts

Comments

No posts

No posts

No posts

No posts