कवि की ऊष्मा's image
NaN min

कवि की ऊष्मा

अनिल जनविजयअनिल जनविजय
0 Bookmarks 79 Reads0 Likes

 

एक संस्मरण

दिसंबर की एक बेहद सर्द शाम
हापुड़ से लौट रहा हूँ दिल्ली
बाबा नागार्जुन के साथ
बहुत थोड़े से लोग हैं रेल के डिब्बे में
अपने-अपने में सिकुड़े
खाँसते-खखारते

टूटी खिड़कियों की दरारों से
भीतर चले आते हैं
ठंडी हवा के झोंके
चीरते चले जाते हैं हड्डियों को
सिसकारियाँ भरकर रह जाते हैं मुसाफ़िर
अपने में ही और अधिक सिकुड़ जाते हैं

अचानक कहने लगते हैं बाबा—
माँ की गोद की तरह गर्म है मेरा कंबल
बहन के प्यार की तरह ऊष्म
इसमें घुसकर बैठते हैं हम
जैसे कि बैठे हों घोर सर्द रात में
अलाव के किनारे...

अलाव की हल्की आँच है कंबल
कश्मीर की ठंड में कोयले की सिगड़ी है
सर्दियों की ठिठुरती सुबह में
सूरज की गुनगुनी धूप है...

बाबा अपने लाल नर्म कंबल को
प्यार से थपथपाते हैं
जैसे कोई नन्हा बच्चा हो गोद में
और किलकते हैं—

भई, मुनि जिनविजय!
मेरी किसी कविता से
कम नहीं है यह कंबल
सर्दियों की ठंडी रातों में
जब निकलता है यात्राओं पर यह बूढ़ा
तो यही कंबल
इन बूढ़ी हड्डियों को अकड़ने से बचाता है
रक्त को रखता है गर्म
उँगलियों को गतिशील
ताकि मैं लिख सकूँ कविता...
इसमें घुसकर मैं पाता हूँ आराम
मानो बैठा हूँ अपनी युवा पत्नी के साथ
पत्नी का आगोश है कंबल
पत्नी के बाद अब यह कंबल ही
मेरे सुख-दुख का साथी है सच्चा...

इतना कहते-कहते
अचानक उठ खड़े होते हैं बाबा
अपने शरीर से झटकते हैं कंबल
और ओढ़ा देते हैं उसे
सामने की सीट पर
सिकुड़कर लेटी
एक युवा मज़दूरिन माँ को
जिसकी छाती से चिपका है नवजात-शिशु

फिर ख़ुद सिकुड़कर बैठ जाते हैं बाबा
बग़ल में घुसाकर अपने हाथ
बेहद सहजता के साथ

मस्त हैं अपने इस करतब पर
आँखों में स्नेहपूर्ण चमक है
एक ख़ुशी, एक उल्लास, उत्साह है, सुख है
मोतियों की तरह चमकते
दो आँसू हैं
बेहद अपनापन है
बाबा की उन गीली आँखों में

No posts

Comments

No posts

No posts

No posts

No posts