जानकी का घर's image
NaN min

जानकी का घर

आलोक कौशिकआलोक कौशिक
0 Bookmarks 6 Reads0 Likes

कई वर्ष पश्चात दूरदर्शन पर धारावाहिक 'रामायण' के पुनः प्रसारण से कौशल्या देवी बहुत ख़ुश थीं। सुबह के नौ बजते ही टेलीविजन के सामने हाथ जोड़ कर बैठ जाती थीं। आज रामायण देखते हुए वह अत्यंत भावविभोर हो रही थीं। सीता एवं लक्ष्मण को राम के संग वन जाते हुए देखकर कौशल्या देवी की आँखों से अश्रु प्रवाहित होने लगे। 

धारावाहिक रामायण के आज का एपिसोड समाप्त होने के पश्चात कौशल्या देवी अपने सूखे गले को तर करने के लिए अश्रुओं को आँचल से पोंछते हुए रसोई घर में प्रवेश किया। वहाँ की स्थिति देखकर वह आग बबूला हो उठीं और अपनी बहू को पुकारते हुए बहू के कमरे में घुस गईं। जहाँ उनकी बहू जानकी एकाग्रचित्त होकर पढ़ रही थी। अपनी बहू को पढ़ता हुआ देखकर कौशल्या देवी का क्रोध और बढ़ गया। 

"अच्छा, तो महारानी दूध उबलता हुआ छोड़कर यहाँ कलेक्टर बनने की तैयारी में लगी है। उधर सारा दूध उबल कर पूरे रसोई में फैल चुका है। अब कोई चाय भी कैसे पिएगा?" 

दूध उबल कर गिर जाने की बात सुनते ही जानकी रसोई घर की तरफ भागी। वहाँ पहुँचकर वह तुरंत रसोई की सफ़ाई में लग गई। 

"इससे एक भी काम ठीक से नहीं होता है। बेहोश होकर सारा काम करती है," रसोई की ओर आते हुए कौशल्या देवी ने कहा। 

"माँ जी, भूल हो गई। मैंने सोचा जब तक दूध गर्म होगा, तब तक थोड़ी पढ़ाई कर लेती हूँ। वैसे भी पढ़ाई के लिए समय तो मिल ही नहीं पाता है। घर का काम निपटाना, फिर बच्चों को सँभालना, इन्हीं सब चीज़ों से फ़ुर्सत नहीं मिल पाती है," जानकी ने सरलता से कहा। 

"काम नहीं करेगी तो क्या करेगी? क्या तेरे बाप ने तेरे लिए यहाँ नौकर लगा रखे हैं? बीए तो पास कर चुकी है। अब कितना पढ़ेगी? तेरे पति को तो हम लोगों ने इतना पढ़ाया, लेकिन फिर भी अब तक वह सरकारी नौकरी नहीं ले पाया? ज़्यादा पढ़कर तू क्या कलेक्टर बन जाएगी?" कौशल्या देवी ने क्रोधपूर्ण व्यंग्यात्मक लहज़े में कहा।

"पढ़ाई तो ज्ञानार्जन के लिए किया जाता है एवं ज्ञान का सरकारी नौकरी से कोई विशेष संबंध नहीं है। फिर भी मेरे पति सरकारी नौकरी के लिए प्रयत्न तो कर ही रहे हैं। रावण द्वारा सीता का हरण कर लिए जाने के पश्चात प्रभु श्री राम को भी सीता को प्राप्त करने के लिए अत्यधिक प्रयत्न करने पड़े थे। इस कारण से प्रभु श्रीराम के ज्ञान रूपी सामर्थ्य पर संदेह तो नहीं कर सकते। श्री राम के केवल एक बाण से तो रावण का भी वध नहीं हो सका था। किंतु इससे भगवान श्री राम की शक्ति पर क्या कोई तनिक भी संदेह कर सकता है?" जानकी ने अत्यंत सहजता से जवाब दिया। 

जानकी की बातें सुनकर कौशल्या देवी अत्यंत क्रोधित हो उठीं और जानकी को धमकाते हुए कहने लगीं - "कल की जन्मी हुई छोकरी, तू मुझे रामायण का प्रवचन देती है। आज से तू मेरे और मेरे पति के लिए खाना नहीं बनाएगी। एक तो सारा दूध बर्बाद कर दिया और ऊपर से मेरे घर में रहकर मुझसे ही ज़बान लड़ाती है। इतनी ही तकलीफ़ है यहाँ पर तुझे, तो छोड़ दे मेरा घर।" 

कौशल्या देवी की बातें सुनकर जानकी सोचने लगी - "आख़िर माता सीता का घर कौन सा था - महाराजा जनक का महल, महाराजा दशरथ का महल, अशोक वाटिका अथवा पति के द्वारा परित्याग किए जाने के उपरांत वन में महर्षि वाल्मीकि जी की कुटिया।" 

No posts

Comments

No posts

No posts

No posts

No posts