मेरा लिखा पढ़ेगा कौन ?

अक्सर यह सोच हो जाता हूँ मौन

जानता हूं की मौन ही विवादों से बचाएगा

और मन का क्या ? नई गुस्ताख़ी कर जाएगा !


आज की दुनिया उपभोग कि प्यासी

जहां निरीह मिले ! 

मारे हक , लगा दें फाँसी ।


काम,क्रोध,मद,लोभ ही असल अमृतसुधा है ।

मारकर पेट दुसरो का मिटाते अपनी क्षुधा है ।।


झूठ की स्वीकारोक्ति है मौन 

है सत्य तो हलाहल सा !!

हलाहल ! शिव सा पियेगा कौन ?


तू लिख तो सही ! 

विचारों को प्रतिपल जो रहे हैं कौंध

गूंगे बहरे बोलेंगे ! जागेंगे कुंभकर्ण भी

बेड़िया भी टूटेंगी, कांटे भी जाएंगे रौंद ।


चहुँओर है अंधियारा 

डर का है फैला साम्राज्य सारा

तू भी थका और हारा ?


मानों की तुम हो मनुज कर्मयोगी ।

कदाचित नहीं स्वार्थी और भोगी ।।


उठालो कलम और स्याही काला ।

सफ़ेद कागज सत्य वाला !!

लड़कर असत्य के अंधियारे से 

आख़िर उजियारा फैलाएगा कौन ?


~ युगल किशोर