हर सुबह उसका मन

उससे कुछ कहना चाहता है

शायद कोई इच्छा

पर बाहर बहुत शोर है

औरों की अपेक्षाओं का शोर


वो मन से कहती है

पहले मैं इस शोर को चुप करा लूं

फिर इत्मीनान से सुनूंगी तेरी

पर किसी न किसी तरह का शोर

बना ही रहता है दिन भर


सब कुछ शान्त होने के बाद

रात को एकान्त मे

जब वो पूछती है मन से

कि वो क्या कह रहा था सुबह

तो कोई आवाज़ नहीं आती

क्योंकि मन को तो

पता नहीं कितनी देर हो गई

उसका इन्तज़ार करते-करते

सोये हुए ।


योगेश ध्यानी