वे नदारद हैं पूरे परिदृश्य से
होने के बावजूद
हमारे घर की हर ईंट , चौखट , छत और दरवाज़े में
वो जब मेरा मकान बना रहे थे
तो भी रहते थे पूस की झोपड़ी में
आज की तरह , सौ-सौ मकान बना लेने के बाद भी
चुनाव के मौसम में वो भाषणों में हैं
उसके बाद भूख की खातिर काम की तलाश में
जहाँ तक भूख का सवाल है
उसे तो सह ही लेंगें वो जैसे सहते आये हैं
आज तक,पीढ़ियों से
वो तो बस समाज में
अपनी सम्मानजनक उपस्थिति के लिये व्याकुल हैं ।
