रात का अंतिम शराबी
लड़खड़ाते कदमों से पहंचुता है अपने द्वार
तब जैसे ही आंख मूंदता है चांद
लेने को छोटी सी झपकी,
ठीक तभी भोर से भी पहले
वृन्दावन के किसी आश्रम में जागती है
जर्जर खाट पर एक जर्जर देह
और गुनने लगती है
आराधना का एक गीत।
नींद से बेदखल
ठंड में गठरी होता चांद
खोलता है मलती हुई आंख,
विदा लेता है आकाश से
प्रार्थना में बुदबुदाता हुआ
कि कल भी जगाये मुझे
यही आवाज़।
