इतनी सर्द रातों में, जम कर रह जाते हैं विचार जम जाते हैं अल्फ़ाज़, जम जाते हैं ख्याल कागज़ कोरा किसी स्याही बिन जम जाता है जम जाते हैं सब लोग, उनकी बातें, उनके चक्कर उनके किस्से, उनके दिन के सारे काम, इतनी सर्दी में कोई कैसे निकले घर से बाहर, हाथ पैर सब जम जाते हैं, अगर नहीं जमता कोई, तो वो बूढ़ा चौकीदार, जो सीटी बजाकर सबको जगाता है, शायद कहता है, कुछ चीज़ें कभी नहीं जमती, जैसे गरीबी और भूख जो मजबूर कर देती है सर्दी के जमाव को, ताकि वो उस बूढ़े को, उसकी मजबूरी को, उसकी जरूरतों को, बच्चों के पालन को उनकी भूख को, नहीं जमा सके। रात भर मैं सोचता हूँ , क्या ये सर्दी भी सरकार है?