यूंही चुप-चाप हौले से आना,

बुनना विचारों का ताना बाना,

भूलना तुम वो मीठी-सी तकरार,

याद में लाना वो रूहानी इकरार!

जब हम अहं से करके किनारा,

देखें थे संग में रहने का नज़ारा,

हंसी जो आ जाती थी गुपचुप,

अश्क नदारद होते थे लुकछुप!

अटूट था एक दूजे पर भरोसा,

प्यारा सा माथे पर दिया बोसा,

सच्चे वादें मन में ही रहते गुप्त,

अपेक्षाएं हो जाती समस्त लुप्त!

करुणा हृदय में अविरल बहती,

प्रार्थना में मैं हमेशा यह कहती!

मिले हमें अपने प्रेम को सराहने,

सुख के सदा सृजन होते रहें बहाने!






- यती











❤️