किसी एक दिन का कर रहे इंतज़ार
कहीं ऐसे ही तो ना बीत रहा हर वार?
बहुत मगन हुए विस्तृत करने में व्यापार,
भूल ना जाना किंतु जीवन का आधार!
वो कई सारी पुस्तकों का भी यही है सार,
मेज़ पर रखी वो, मिली थी बीते वर्ष जो उपहार!
उसमें कई सूक्तियां लिखी कैसे होता है उद्धार!
हर खण्ड में पुस्तकों की लगी होती लंबी कतार,
सत्य पर प्रकाश डालता पुस्तकों का सूक्ष्म संसार!
पुस्तकें भी तो करती हैं रूढ़ियों पर पुरज़ोर प्रहार,
प्रतियोगिता रखता है किंतु पुस्तकों का भी बाज़ार!
कुछ पुस्तकों के स्त्रोत परखने में बीतते वर्ष हज़ार,
तंदरुस्त मस्तिष्क होता ज्ञान का व्यवस्थित विहार,
सामंजस्य पाठक बिठाए तो जिज्ञासा होती पार,
एकाग्रता अचेतन ही देती है साहस को ललकार,
पुस्तकें पहेली सुलझाते हुए दूर करती मन का विकार,
गणित-विज्ञान-इतिहास-साहित्य के कैसे जुड़े हैं तार,
कैसे हुआ सृष्टि-बुद्धि-आभामंडल-संपत्ति का विस्तार,
रुचिपूर्ण विषयों को जानकर उभरती चेतना हर बार,
पुस्तकों से प्रेरणा-करुणा-कर्तव्य का होता भीतर संचार।
- यती

