सुख का श्वास विच्छेद
जब जब एक हल्की सी
आहट हुआ करती थी
तुम्हारे किसी प्रश्न पूछने की
मेरा सुख तुम्हारे प्रश्न पूछने तक
ठहरा रहता था
और उम्मीद करता था
कि उत्तर की कठिनाई कौसों दूर रहे उससे,
वो टिकने का प्रयास करता था,
तब तक, जब तक
उसे प्रश्न के स्वर का पता न चल जाए,
प्रश्न के स्वर जानते ही
वो साँस लेता था
चहकता था,
और दीर्घायु होने का साहस करता था
परंतु उस दिन,
तुमने ठहरे हुए सुख का अंत कर दिया
सुख जो बचा था
ठहरा था
वो तुम्हारे इस प्रश्न
"अब बचा क्या है?" के साथ कुछ देर और ठहरा रहा
और चला गया...
प्रश्न, जिसका स्वर मेरे सुख के लिए दुखद था...
और जिसे जानने के बाद
उसने सांस लेना बंद कर दिया था।
-यशराज