एक ग़ज़ल दुष्यन्त कुमार के नाम- सांस बाहर छिटकने का जतन कर रहा हूँ मैं व्यर्थ में ही ये जीवन वहन कर रहा हूँ कोई आंच मेरी पलकों पे ठहरी हुई है मैं आँखें मूंदकर उसको सहन कर रहा हूँ तुम ज़रा इस ज़मीं के टुकड़े को तो देखो दिन रात जिसको मैं अब चमन कर रहा हूँ मुसलसल अकेले ही सफ़र कट रहा है बीती हुई बातों का जो स्मरण कर रहा हूँ अब मेरे करने को बचा ही नही कुछ भी अनायास आंसुओं का वज़न कर रहा हूँ आस से सींचा था वो सूखा हुआ शजर मैं एक फाँस से उसका पतन कर रहा हूँ प्यार, इंतज़ार, वस्ल, हिज्र और आँसूं मैं एक एक कर सबका चयन कर रहा हूँ मेरे हाथों पर तुमने जो नाम लिक्खा था मैं उसी को और थोडा सघन कर रहा हूँ आजकल शराब कुछ ज्यादा पीने लगा हूँ मतलब कि मैं यादों का वमन कर रहा हूँ दुष्यंत कुमार मेरे लिए वो बीज है जिन्होंने मेरे अंदर एक ऐसा पौधा अंकुरित किया है जो जीवन क्या है समझाने के लिए जीवन नहीं जीता, बल्कि जीवन को समझने के लिए जीवन जीता है, उन्ही की एक ग़ज़ल 'अपाहिज व्यथा को वहन कर रहा हूँ' से प्रेरित हो कर उन्हीं के दिए रदीफ़ और काफियों के साथ अपनी व्यथा को पेश कर रहा हूँ, मैं उनके जितना बड़ा शायर तो नही हूँ पर एक साहस जो उनमें ग़ज़लों को कहने के लिए उभरा था, वो साहस उन्हीं से मुझे मिला है...