इष्टों की कृपा भी मैं,
ख़ुदा की पाक़ फ़ज़ल भी हूँ।
मुंशी का गोदान भी मैं,
ग़ालिब की शोख़ ग़ज़ल भी हूँ।1।
दरगाहों की चादर भी मैं,
मंदिर में चढ़ी चुनरी भी हूँ।
सेंवई की मिठास भी मैं,
छप्पन भोगों की मिश्री भी हूँ।2।
रोज़े की इफ़्तारी भी मैं,
उपवासों की थाल भी हूँ।
गले पड़ा ताबीज़ भी मैं,
तिलक लगा एक भाल भी हूँ।3।
खुले हाथ तो दुआ भी मैं,
जुड़े हाथ जो नमन भी हूँ,
मानस का शांति पाठ भी मैं,
मैं ही हदीस का अमन भी हूँ।4।
मदीना का पाक़ स्थल भी मैं,
हरिद्वार का पावन जल भी हूँ,
बेसरहद बहती सिंधु भी मैं,
झेलम चिनाब का दल भी हूँ।5।
दुआ में पढ़ा कलमा भी मैं,
पूजा में माँगी मन्नत भी हूँ,
सद्ऱाह मिला कोई स्वर्ग भी मैं,
नेकी से मिली जन्नत भी हूँ।6।
आयत-ए-क़ुरान का संसार भी मैं,
मैं ही गीता का सार भी हूँ,
तालीम-ए-आदमियत भी मैं,
मज़हब का पारावार भी हूँ।7।
ईदगाह की उमंग भी मैं,
होली में उड़ा रंग भी हूँ,
पुनीत शंखनाद भी मैं,
अज़ानों सा आबाद भी हूँ।8।
रहीम का शागिर्द भी मैं,
राम का केवट भी हूँ,
चेहरे का हिजाब भी मैं,
सिर पर ओढ़ा घूँघट भी हूँ।9।
करवे का उजला चाँद भी मैं,
और ईदों का महताब भी हूँ,
सीमा तोड़ के बहती पवन भी मैं,
मज़हब धारा का दोआब भी हूँ।10।
मक्का मदीने की हज़ भी मैं,
चार धाम तीर्थ भी हूँ,
निर्गुण निराकार भी मैं,
सगुण कोई मूरत भी हूँ।11।
चोटी,जनेऊ, धोती भी मैं,
कुर्ता,सदरी, टोपी भी हूँ,
शुचि गीता का गान भी मैं,
क़ुरान शरीफ़ फ़रमान भी हूँ।12।
कहीँ नमस्कार भी मैं,
और कहीँ आदाब भी हूँ,
हिंदुत्व का वितान भी मैं,
इस्लाम ज़मी शादाब भी हूँ।13।
रुद्राक्षी माला भी मैं,
786 का विश्वास भी हूँ,
माता का आशीष भी मैं,
अम्मीजान की आस भी हूँ।14।
कुतुबमीनार की बुलंदी भी मैं,
इतराता ताजमहल भी हूँ,
वृंदावन लीला मस्ती भी मैं,
निजामुद्दीन चिश्ती भी हूँ।15।
मज़हब रंगी सूरत भी मैं,
नेक कोई सीरत भी हूँ,
धर्म ज्ञान राह भी मैं,
इंसानी फ़ितरत भी हूँ।16।