मुझको हँसी पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में,
इक जिंदगी पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में।
वो ढूंढता था क्या भला था उसको क्या मिला,
शायद ख़ुशी पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में।
वो भूख से तड़पा बड़ा, भूखा ही सो गया,
रोटी सड़ी पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में।
मैंने निशानी दी थी अंगूठी जो प्यार की,
मुझको वही पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में।
जिन काग़जों पे थी लिखीं गज़लें सुनो कभी,
वो डायरी पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में।
"बिजनोरी" मेरी बात पे थोड़ा तो गौर कर,
क्यूँ शायरी पड़ी मिली कूड़े के ढ़ेर में।