लिखता हूँ ये पंक्तियाँ, शीर्षक जिसका मुखड़ा है!

कवि की कपोर कल्पना का, लगता केवल दुखड़ा है!!

सौंदर्य की परिभाषा का, ना आदि है ना अंत है!

ख़यालों की सीमा नहीं, वो तो चराचर अनंत है!!


गहराई उन आँखों की, नाप लेना असंभव है!

डूब गया जो भी उतरा, नदी नहीं समुन्दर है!!

ज़ाम सी मदहोशी उसमें, सूरमे सी तरावट है!

कटार जैसी तीखी लागे, ऐसी सुन्दर बनावट है!!


सुर्ख लालिमा सी उनके, अधरों पे यूँ छायी है!

कुदरत की देन है या, सूर्यास्त की परछाई है!!

हिलते हैं लब उनके, गुलाब बिखर जाते हैं!

उनपे हर पल मंडराते हम, भौरे बन जाते हैं!!


मखमल के चादर से, नाज़ुक से उनके गाल हैं!

उभरे से मन को मोहते, लगते बेमिसाल हैं!!

मुस्काए तो नजर आते, उनका कपोलभंग है!

दुनिया कहे गुलाबी जिसे, ऐसा अद्भुत रंग है!!


कोयल से भी प्यारी लगती, मीठी उसकी बोली है!

कंठ खुले तो मानो, कानों में मिसरी घोली है!!

लहजे से शहद टपकता, लगते गाने सुहाने हैं!

सूरत का क्या ही करना, आवाज के हम दीवाने हैं!!


छोटी सी है नाक उनकी, जिसके नीचे काला तिल है!

भृकुटि ने भी घायल किया, उनपे आया मेरा दिल है!!

नजर ना लगे कभी उसे, ऐसी भोली उसकी सूरत है!

और करूँ क्या मैं वर्णन, जो खुद सुंदरता की मूरत है!!