एक बार फिर चलते चलते एक वर्ष जाने वाला है l साथ ही कुछ दिनों के बाद नूतन वर्ष आने वाला है I यह तो एक परिवर्तन है जो प्रत्येक वर्ष होता है I नव वर्ष, नव योजना, नव विचार, नव प्रस्तावना, नव संचार l मेरा मानना है कि इन सब के मध्य कुछ ऐसा है, जो स्थिर है l कुछ गहन अध्यन करता हूँ, तो शायद उस स्थरिता का आभास सा होता है l पर क्या ऐसा अनुभव सबको होता है ? कुछ प्रश्न तो हैं, जिनका उत्तर मिलना कठिन है I पर यदि स्थिरता से गंभीर चिंतन किया जाये, तो उत्तर स्पष्ट तो हो जायेगा I अंततः हम सब तो वहीं पहुँचते हैं, जिसे कहते हैं - स्थिरता ।
यानि कि कुछ है, इस परिवर्तन में जो स्थिर है । यदि उस स्थिरता का अनुभव हो, तो संगीत मधुर हो जाता है । तो नृत्य प्रशस्त हो जाता है । तो जीवन रूपांतरित हो जाता है । अचरज होता है यह समझ कर कि जिस नवीन को हम नव निर्माण में प्रयोग करते हैं, वह तो केवल 'तथाकथित नव निर्माण' है । मूलतः तो नवीन वह है जो स्थिरता से उपजता है । अब यह तो आश्चर्यजनक तथ्य है कि हम जिसे सत्य समझते हैं वह तो सत्य है ही नहीं l परन्तु उस सत्य की झलक दिखलाता एक तथ्य है । संसार इन्हीं सब तथ्यों से निर्मित है । इसलिए प्रतिपल, प्रतिक्षण परिवर्तन का नाम है संसार । संसार - जो रंग बिरंगे तथ्यों से बना है और यही भटकाव है l
मेरा यह मानना है कि प्रत्येक मनुष्य को इस परिवर्तन के मध्य में उस स्थिरता तक पहुंचना है और उसमें समाहित हो जाना है । ध्यान में भी, हम सब, वही तो करते हैं । ध्यान एक यात्रा है - अनेक विचारों से शून्यता की यात्रा । सो जो आंतरिक मन में होता है वही बाह्यिक शरीर में भी होता है । परिवर्तन के मध्य में छिपी स्थिरता । सच पूछो तो संसार इसी स्थिरता का परिवर्तित होता रूप है ।
तो जो प्रत्येक वर्ष होता है कि जो कभी जन्मा था १ जनवरी २०२३ को, एक नव वर्ष, वह अब पुरातन होने चला है । कुछ बोलचाल के शब्दों में कहा जाये तो वह पल जो बीत गया है और अब एक नया पल आने वाला है , नव रूप में । यानि कि १ जनवरी २०२४ में वही नवीनता के साथ, एक भटकाव सा, पुनः , एक नूतन अभिनन्दन ताकि हम कुछ विस्मृत कर दें । यही तो हमने कुछ समय पहले समझने कि चेष्टा की थी । प्रतिपल, प्रतिक्षण परिवर्तित होता संसार ।
अब कुछ लोग पुरातन को विस्मृत करने हेतु, पुनः बनती नव योजनाएं, नव विचार, नव आधार, नव संचार लाने की उत्पत्ति में खो से जायेंगें l मगर वे ढूंढेंगे इस परिवर्तन को किसी थिरकते संगीत में या फिर किसी बहकते नृत्य में । पर इन सबके मध्य जो मूल है वह है स्थिरता । जब तक उस स्थिरता की अनुभूति नहीं होगी तब तक हम सबका जीवन केवल एक भटकाव रहेगा । फिर वही भटकाव, फिर वही थिरकन, फिर वही शोर हमारे साथ होगा । इन सबको लेकर हम पहुँचेंगें नव वर्ष की ओर, जो कुछ दिनों के पश्चात हमारे समक्ष होगा - १ जनवरी २०२४ ।
मैंने कई वर्ष पहले अंग्रेजी भाषा में एक कविता लिखी थी । पुनरुक्त करता हूँ ।
ऐ सागर !
तुम शोर करते हो
गर्जना के साथ
तुम्हारे मध्य
बैठा है
एक सीप
शांत एवं शिथिल
प्रतीक्षा करते हुए
वर्षा की
एक बूँद का ॥
आने वाले इस नव वर्ष में भटकते हुए और थिरकते हुए सकुशल सब लोग पहुंचेंगे तो अवश्य, मगर यात्रा तो चलती रहेगी - परिवर्तन (यानि अस्थिरता) से स्थिरता की ओर । क्यूँ न हम उसी स्थिरता के लक्ष्य लेकर उसे प्राप्त करें । याद रहे कि इस जीवन के भटकाव से बचना है तो हमें स्थिरता को चुनना ही होगा । वैसे ये मेरे निजी विचार हैं । इस परिवर्तित होते समय में मैं अपने विचारों से आपको आपके अस्तित्व का परिचय दे रहा हूँ । आशा करता हूँ कि आप अन्तर्हित शून्यता की ओर अपनी यात्रा पर बढ़ने को अग्रसर एवं तत्पर रहेंगें ।
इन्हीं सब विचारों के मध्य, मैं आपके प्रति अपनी प्रार्थना को विराम देता हूँ । शायद आपको मेरे विचार पसंद आएं तथा रुचिकर लगें । इस आशा के साथ, प्रभु भक्ति में लीन, आपका शुभ चिंतक ।
विवेक ।
