दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
होती थीं शिकायतें लेकिन, ना दुश्मन कोई होता था!
झगडे भी करते थे लेकिन, मिलन तुरंत ही होता था!!
कोयल के कूंकों में भी, तान अपनी छेड़ता था!
कुएँ में रस्सी को जाते, बड़े ध्यान से सुनता था!!
दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
सोते तो जल्दी थे फिर भी, उठा देर से जाता था!
कुल्ला तक तो ठीक है, मज़बूरी में नहाता था!!
सुबह का वो सब्जी चावल, शाही भोग सा लगता था!
गोली के खेल का जीत, ओलिंपिक सा अनुभूति देता था!!
दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
गरीबी में भी अमीरी थी, व्यापार ऐसा करता था!
कश्तियाँ हमारी चलती थीं, जहाज उड़ान भरता था!!
होली हो या दीवाली हो, त्यौहार का अपना जलवा था!
सावन का हो सोमवार तो, प्रसाद में पूरी हलवा था!!
दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
हर ऋतु अपना था पर, इंतजार ग्रीष्म का करता था!
छुट्टियां जो पड़ती थीं तो, पूरा गैंग इकठ्ठा होता था!!
ना लू की तपन चुभती थी, ना भाष्कर हमें जलाता था!
खेलते रहते बाहर हरदम, ना बात किसी की सुनता था!!
दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
कार्तिक के महीने में सुबह, जल्दी उठ जाया करता था!
पीके सुबह वाली स्पेशल चाय, खर्राटे लगाया करता था!!
जब आती थी कंपकपी ठण्ड, अलाव में हाथ सेंकता था!
गप्पे सबसे हांकते रहता, आलू भून चाव से खाता था!!
दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
मुट्ठी जो गरम करदे, रिश्तेदार आत्मीय लगता था!
भागकर दुकानों पे जाके, मनभावन चीजें लाता था!!
किराये पे कॉमिक्स लाके, झटपट उन्हें निपटाता था!
पंचतंत्र का जमाना था और, हंसती दुनिया खोजता था!!
दिन बड़े सुहाने थे, वो शामें कितनी प्यारी थीं!
यादों के सुनहरे पन्नों की, वो रातें कितनी निराली थीं!!
जीवन के उस बगिया के, सारे फूल उगाना चाहता था!
बड़े होने की तमन्ना थी पर, जादा ना सोच पाता था!!
लौट आए फिर से बचपन, खूबसूरत हर वो लम्हा था!
यादों के इस झरोखे का, हर सफर सजीव मनोरम था!!