जलते बुझते ख़्वाबों का इक क़स्बा लेकर

शहर-ए-ख़्वाहिश निकले थे हम क्या क्या लेकर


हर बार उसे "आज नहीं कल" कह जाते हो

पछताओगे दिल को इतना हल्का लेकर


झगड़े का तो कुछ भी हल हम ढूंढ न पाए

सो बैठे है बेमतलब का झगड़ा लेकर


रब जाने क्यूँ तुम तक ही मैं आ जाता हूँ 

अपनी सारी फ़रियादों का दरिया लेकर


क़दमों ने जो दो साँसे लीं तो लगता है

भाग न जाए कोई मेरा रस्ता लेकर


अब तो सारे करते होंगे सज्दा उसका

आया था वो अच्छा ख़ासा 'जुमला' लेकर


- विश्वजीत गुडधे