#शंकर: "मैंने कैसा है रूप धरा"!
1) मैं चिर पुराण का बिम्ब लिए, अभ्यांतर में वह छंद लिए,
डम-डम डमरू का मृदंग लिए, हर-हर का जब तुम नाद सुनो,
दिखता क्षण में भोला भाला, पर भृकुटी जब जब तनती है,
क्षिती, जल, वात, गगन मुझसे, पावक बन बन मैं राख किया,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, "शंकर" का मैंने रूप धरा!
6) मानवता का अट्टहास जब जब मानव यह दिखलाता,
खुद के दर्पी सिंहासन पर, औरों को निम्न समझता है,
पाया तब तब वह राग रुद्र, वायुवीर सा मैं दिखता,
हठ में मेरा तोड़ नहीं, नटखट में मैं वह बाल नहीं,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "महावीर" का रूप धरा!
11) स्नेह सुधा का कल-कल भाव, भीगे पुष्पों में लिपटी जब,
बेलपत्र, वह भांग, भस्म से रजत स्वयंभू मैं बनता,
अक्षत, घृत, का जब पान किया, श्रृंगार अलौकिक है दिखता,
मन के कानन में हर्ष राग की ध्वनि, मृदंग का रूप धरे,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "शिवयोगी" का रूप धरा!
16) निमिष मात्र में भाव वेग सी तेरी पुकार जब सुनता मैं,
निर्विघ्न हुआ हर पल तेरा, कारण बनता हूं त्यागी मैं,
त्याग अगर कर सकता मैं, बलिदान अभय कर सकता मैं,
तब भू को दानी-अंबार बना तू, वरदान तुझी को देता मैं,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, बन "शोक-नसावन शंभो" मैं!
21) अस्तित्व मेरा उस नारी से, वह शक्ति स्वरूपा, रणचंडी,
मैं प्राणहीन सा दिखता हूं, जब जब मुझमें वह शक्ति नहीं,
शक्ति तेज़ की माला पड़ती, तब शव ने शिव का रूप धरा,
काली का कोलाहल मुझ पर या, सती, सिया की शीतल पारा,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "अर्धनारीश्वर" का रूप धरा!
26) मंथन में जब दो पक्ष जुटे, अमरत्व लालसा रखते सब,
विष प्याला पाया पारावार, दुविधा, हतप्रभ दिखते हैं सब,
देवों के तब हैं हाथ खड़े, दानव मरघट सा दिखता,
तब महाकाल ने कालकूट को घूंट किया, जगती का नीलकंठ बना,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "मृत्युंजय अविकार" दिखा!
31) हर काल में मैं, हर हाल में मैं, उत्तर में हर सवाल में मैं,
दिखता हूं सर्वत्र, हर क्षण हर कण में व्याप्त हूं मैं,
विद्यमान हूं रोम रोम में, मंदिर मानस में जब भी रहता,
काशीपति बनकर रहता मैं, तो भीमाशंकर सा दिखता,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "चंद्रमौली" का रूप धरा!
36) गंगा की अविरल धारा हो, या अग्नि प्रभा हो दीप्त शिखर पर,
सर्पों की मालाएं, या विष को धारण करता यह कंठ स्वरा,
बगल में बैठी भार्या मेरी, जिसका भोला मैं अविनाशी,
बाघ-छाल पर अवलंबित हूं, ध्यान कर रहा जगत तत्व,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "उमारमण प्रिय कांत" सत्त्व!
41) शिव त्रिशूल पर बसती काशी, प्रयाग धरा की नाभि में,
गंगा जो लिपटी गंगाधर में, तो मैं कैलाशी हिम से ऊंचा,
त्रिनेत्र में यह ब्रम्हांड बसा, मैं प्रेम सुधाकर रत गंगा में,
अमृत पीकर भी मरते सब मैं विषधर हूं इस जगती का,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "नागवासुकी" में लीन दिखा!
46) मैं ही अखंड, मुझमें भुजंग, मैं ही प्रचंड सा साधन हूं,
मैं ही अनहद, मैं ही अनादि, मैं क्षार क्षार कर लीन दिखूं,
मैं ही बादल का रोष राग, मैं घोर प्रलय ध्वनि का संगीत बनूं,
संसार सकल इस समर भूमि में लिपटी जब जब दिखती यूं,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "प्रलयंकारी शिव शंभू"!
51) मैं निराकार, नव गति और नव लय का निर्माण करूं,
मेरा नर्तन नभ निहारता, नूतन नीलिमा निराली यूं,
करता तू शत बार नमन, धन्य हुआ मैं, नयन कहती,
ऐ प्रकृति मुझमें रत दिखती, मैं तुझसे ही श्रृंगार करूं,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "अघोरी, अवधूत" धरूं!
56) न लेता मैं वह कनक, वह भवन, वस्तु वह क्षण का भंगुर,
स्वीकार नहीं है वह किरीट जो प्रेम-विरक्त से हों अर्पित,
न लेता मैं मानव निर्मित, प्रकृति ही चंवर डुलाती है,
सहर्ष स्वीकार करूं उसको, जो धरा से है उत्पन्न हुआ,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "आदिदेव भुवनेश" हुआ!
61) जिसने मुझको चाहा है, मैंने उसका है रूप धरा,
श्रीराम, दशानन, परशुराम, माता अंजनी का दुलारा,
प्रत्येक रूप है आदिस्रोत, एकादश रूप बन रुद्रावतार,
क्या अंतर है पाया मैंने, देवों में और मसानी में?
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "भूतनाथ" का रूप धरा!
66) दर्शन का अभिलाषी वह, जो शरणागत होने आया,
सर्वस्व लूटा सकता तुझ पर, अमिट निशानी ऐसी काया,
मेरा कांति कलश जैसा ललाट, मेरा अक्षय भंडारण जग पाता,
अधिकारी है वह परकी, जो मदहारी पे जीता मरता,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "पाहिमाम जगतार" दिखा!
71) नयनाभिराम होता शैशव से, मेरा रूप है विद्यमान,
तेजोन्मय मुख उस यौवन का, मैं रहता उसके हूं अंतर्मन,
शक्तिजागरण, वह अनुभव, जिस वृद्ध में पाया जाता है,
मैं उसकी आवाज़ बनूं, जब जब मुझमें वह अंतरंग,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "आदियोगी त्रिकाल" बना!
76) रामायण का शक्तिपुंज या कुरुक्षेत्र का संहारनाद,
धनुष स्वयंवर में दो खंड हुआ, या पार्थ प्रवर का शंखनाद,
भीष्म प्रतिज्ञा, पार्थ शपथ, मेरा रामायण, महाभारत,
ध्यान किया जिस जिस ने मेरा, मैं प्राण सारथी जीवन पराग,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "सत्य सनातन शिव" तेरा!
81) साहित्य जगत की "लल" का जीवन मुझपर जब सर्वस्व हुआ,
सत्यमयी, त्यागिनी वह, प्रेमी, विद्रोही, का जब रूप धरी,
भक्तिन बनती सीता जैसी या सती चरित्र में तल्लीन मिली,
वैसा ही तेरा प्रेम सुधाकर, वैसा ही तेरा जगत स्वामी,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब मैं "आदिपुरुष" हूं वरदानी!
86) इस भू का मानव कुछ सीखे, संयम, त्याग, तपोबल मुझसे,
विष को पेय पदार्थ करो, अमृत देना सीखो मुझसे,
मैं पत्थर सा भी, पानी सा भी, बर्फीली चादर भी मुझसे,
मैं कांवड़ की यात्रावृत्तांत, मैं ॐ स्वरा का उच्चारण,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "अमरनाथ" में बस बैठा!
91) मैं शिव सवार हूं नंदी पर, रुद्राक्ष कमंडल धारण करता,
कृपाण, कपाल, कालकंटक से कैलाशी काया बनती,
वाद्ययंत्र प्रकृति बनती, ब्रम्हांड संगत जैसा साथी,
नटराज रूप लेता हूं मैं, रत हूं हालाहल की मस्ती में,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "शिवतांडव का स्तोत्र" बना!
96) चिता से निकली राख़, जब जब मुझपे है अर्पित,
राख़ नहीं वह भस्म अनोखा, रूप समर्पित है मुझको,
समर्थ नहीं भू का मानव, ग्राह्य नहीं वह प्रसाद अर्पित,
तभी बना हूं देवाधिदेव, महाकाल कहते मुझको,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "भस्मधरा" का रूप धरा!
101) राजनीति हो, अर्थनीति हो, या ब्रम्ह्हांड का हो नियम बंधन,
सामंजस्य कुशलता रखनी हो देव-बाग में या दानव-कानन,
प्रतिद्वंदी को द्वंद युद्ध में विचलित करता मेरा शक्ति भवन,
कल्याण करूं हर प्राणी का, ज्ञानक्षुधा को ज्ञान सेवन,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब मैं "विश्वनाथ", मेरा सावन!
106) सर्प, बाघ, गंगा, मूषक, चन्द्र, भार्या मेरी पार्वती,
ज्येष्ठ पुत्र है कार्तिकेय और छोटा मेरा गणपति,
गजानन रत है मोदक में, मैं मादक में हूं मस्त दिखा,
सभी मुकुटधारी लगते, मैं बिन मुकुटों का हूं स्वामी,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "जटाधारी" हूं शिव योगी!
111) जब कुबेर का अहं, मुझको भोज-निमंत्रण देने आया,
प्रेम नहीं वह दर्प लिए, निज के धन का था आडंबर,
पुत्र रूप, अथिति रूप, में गणेश बनता प्रतिनिधि मेरा,
क्षुधा मिटाने को जब आतुर, प्रासाद हुआ तब खंडहर,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "पार्वती पति शंभो हर हर"!
116) मैं विद्युत की धारा में बहता, सागर मेरा है साथी,
जो किसी का नहीं वह मेरा, सहर्ष स्वीकारा करता हूं,
मनमौजी हूं, मदमस्त दिखूं, औघड़ में फिर लीन दिखूं,
सती बिछोह, या विष को लेना, संघर्ष बना शिव का साथी,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "वैद्यनाथ" का रूप दिखूं!
121) मेरा क्रोधानल आता तब तो न पुत्र दिखे न शत्रु दिखे,
गणपति का फिर शीश कटे, धरा शोकाकुल में लीन दिखे,
मैं प्रलयंकारी अगर दिखता, तो शोक-नसावन भी कहते मुझको,
तभी बना वह निर्विघ्न, गज का मुख उसके ऊपर,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "कष्टनिवारक" सबसे ऊपर!
126) मैं कैसे इतना भोला हूं, मेरा नृत्य, तांडव कैसे लगता?
बस करुणा का सागर, तो कभी क्रोधित सा मैं लगता,
कारण अनेक लेकिन महादेव बस एक ही है!
समझो कोई, बातें मेरी मैं हाहाकार मैं हा! हा! कारक,
• जो मुझको ढूंढ़ा पाया तब, मैं "आशुतोष" मैं "शशिशेखर"!
✍️ विष्णुकांत चतुर्वेदी ✍️

