आलेख :

शीर्षक : मेरे प्रिय कवि - रामधारी सिंह 'दिनकर'!


"अनुशासनहीनता वह रोग नहीं, जो कल पैदा हुआ और परसों खत्म हो जाएगा। जब तक शासन के कर्णधार नहीं सुधरेंगे, जब तक ईमानदार कर्मचारी धक्के खाते रहेंगे, बेईमानों को तरक्की मिलती रहेगी, तब तक छात्रों की अनुशासनहीनता भी कायम रहेगी।" एक छात्र के लिए इस अनोखे मोती के रूप में ऐसे विचार को पाना जिसका सीपी और कोई नहीं बल्कि स्वयं दिनकर हो, निःसंदेह मेरे प्रिय होने के कारणों में से एक और सर्वप्रथम था।


यौवन को जगा दे वह दिनकर,

स्वातंत्र्य समर की वेदी पर बलिदानी, वह दिनकर,

राजनीति के लड़खड़ाते शस्त्रों को साहित्यिक शास्त्रों से सहारा दे, वह दिनकर,

भारतीय संस्कृति की कोमलता और प्रचंडता का बिम्ब बने, वह दिनकर!


दिनकर का नाम लेते ही एक ऐसा मुख सामने आता है जिसके तेजोन्मय से ऐसा प्रतीत होता कि साहित्य को व्यक्ति नहीं बल्कि व्यक्तित्व मिला हो, जिसकी वाणी एक विशाल सागर की गर्जना हो और जिसकी रचनाएं हर वर्ग के मानस पटल पर अविस्मरणीय छाप छोड़ने में समर्थ हों ! मुझ जैसे साहित्य प्रेमी को एक साहित्य की सर्जना का वह ब्रह्मा मिला जिसे मैं कव्यसंसार का बृहस्पति कहूं तो तनिक भी अतिशयोक्ति न होगा। साहित्य जगत में कलम की कूची से राजनीति के पन्नों पर राष्ट्रीयता का नया मानचित्र बनाना हो, या प्रेमलय में पाठक को ढालना हो, दिनकर सबमें सर्वप्रथम हैं। वर्तमान पीढ़ी यह समझे की साहित्य की दामिनी अपनी सर्जना के प्रकर्ष को अगर छूले, तो राजनीति में रहते हुए भी उसे उसके अस्तित्व से हटाने की सामर्थ्य रखती है, उदाहरण के लिए राज्य सभा में दिनकर का वह भाषण जिसमें नजरें और नज़ारे तत्कालीन भारत राष्ट्र के सर्वेसर्वा पंडित नेहरू की ओर गड़ी थी और भारत की सन् 62 में हार पर सवाल पूछ रही थी!


राष्ट्रकवि के रूप में विख्यात दिनकर की रचना "रश्मिरथी" एक साहित्य प्रेमी के लिए प्रेम, धैर्य, कर्म, अोज, पराक्रम, त्याग, समर्पण, संबंध, जीवन और मृत्यु, इन सभी धातुओं का अलौकिक समन्वय है; साथ ही "उर्वशी" गद्य विधा की अप्रतिम सर्जना मुझे मिली जिसमें रमने के बाद हमें कालिदास की "अभिज्ञान शाकुन्तलम" की वह प्रेमाश्रयी शाखा की याद दिलाती है जो अपने उत्पत्ति से ही कालजयी बन बैठी। पाश्चात्य जगत में क्या ऐसा कोई विद्वान है? जिसने राजनीति की नशीली मंडी में रहते हुए भी उसकी मदिरा को हाथ तक नहीं लगाया और समय की मांग पर उसके विषाक्त चरित्र को दूर भी किया हो? भारतीय मनीषा में या तो कौटिल्य की कूटनीति का प्रभाव दिखा, या फिर दिनकर की काव्य किरणें, इसके अन्यत्र कहीं उदाहरण नहीं मिलता। अगर मुझ जैसे अंग्रेज़ी माध्यम के विद्यार्थी को दिनकर ही प्रिय लगे, तो इसका कारण वह विचार भी है जो अपनी राष्ट्रभाषा को आंदोलन का शस्त्र समझे और उसके विफल होने पर शास्त्र की सर्जना से विप्लव के बादल को जन्म दे जिससे क्रांति का आगमन आक्रांताओं के प्रासाद को चीर कर दे!

"जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है"... जब वासुदेव की वाणी दिनकर की कलम से निकल रही थी, तब शायद ही किसी पाठक को आभास हुआ होगा कि आने वाली नस्लें आधुनिक भारत में साहित्य और राजनीति के प्रथम समन्वयक दिनकर के रूप में हमें मिलेंगी। राजनीति विज्ञान का विद्यार्थी, दिनकर की "चेतना की शाखा" में महर्षि अरविन्द की चिंतनधारा को उकेरा हुआ पाए, या फिर "आधुनिक बोध" जैसा निबंध जिसमें दिनकर की दिव्यदृष्टी राष्ट्र की सीमा से आगे अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य तक पहुंचती है यह पाए, तो उसे प्रिय लगने में क्या गुरेज़ होगा! यही मेरा मन कहता है, और इसी में दिनकर मेरे प्रिय होने के कारण के रूप में छिपे हैं।


- विष्णुकांत चतुर्वेदी

विद्यार्थी, एम०ए० द्वितीय वर्ष.

राजनीति विज्ञान, इलाहाबाद विश्वविद्यालय।