"दो और दो सात"

 “दो और दो सात” कुछ वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, परंतु इसमें सभी पात्र और घटनाएँ पूर्णतः काल्पनिक हैं। किसी भी व्यक्ति से समानता महज़ संयोग है।

11 अक्टूबर, 2023  

मस्जिद नूर-ए-मदीना मार्ग, डस्का (सियालकोट), पाकिस्तान,

बाहर हल्की-सी बूँदाबाँदी हो रही थी। एक आदमी ढीली-ढाली नीली पैंट और कत्थई रंग की लंबी क़मीज़ पहने हुए, चाय की चुस्कियाँ लेते हुए बशीर चाचा की दुकान पर अपने किसी दोस्त से बात कर रहा था। ऐसा लग रहा था कि दोनों कोई गंभीर मसला सुलझा रहे हों।

लगभग पंद्रह-बीस मिनट की गहन चर्चा के बाद उसका दोस्त गर्दन दो-तीन बार ऊपर-नीचे हिलाता है-जैसे किसी बात पर सहमति जता रहा हो। फिर वह अपनी कार में बैठकर रवाना हो जाता है।

हल्की बूँदाबाँदी अब मोटी-मोटी बूँदों में बदल चुकी थी और बारिश मूसलाधार हो गई थी। वह आदमी दुकान के अंदर जाकर बैठ जाता है और बशीर चाचा को आवाज़ लगाता है:

“चा चा! एक चाय और देना… साथ में जीरे वाला नमकीन बिस्कुट भी।”  

फिर धीरे से बुदबुदाता है, “लगता है ये बारिश रुकने वाली नहीं।”

अपने दोस्त से मिलने के बाद उसके अंदर एक अजीब-सी कशमकश, आँखों में चमक, दिल में उम्मीद की एक किरण और आत्मविश्वास साफ़ नज़र आ रहा था।

लगभग एक घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद बूँदें अब थमने लगी थीं। वह आदमी दीवार पर टंगी घड़ी की तरफ़ बार-बार नज़रें डाल रहा था-मानो किसी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हो। फ़ज्र की नमाज़ शुरू होने में अभी भी आधा घंटा बाकी था। बारिश अब पूरी तरह रुक चुकी थी, लेकिन सूरज निकलने में अभी दो घंटे का वक़्त था। चिड़ियों की चहचहाहट कानों में गूँज रही थी।

कुछ ही देर बाद भीड़ बढ़ने लगी। दो आदमी छाछरे बदन, क़ुर्ता-पायजामा पहने और सर पर सफ़ेद जालीदार टोपी लगाए, अपनी मोटरसाइकिल से बशीर चाचा की दुकान पर उतरते हैं। वे दो चाय मँगवाते हैं, फिर अपना-अपना पैर उस पहले वाले आदमी की तरफ़ टेबल पर रखकर बैठ जाते हैं और धीरे-धीरे उसे लड़ने के लिए उकसाने लगते हैं।

वह आदमी उन्हें टेबल से पैर हटाने को कहता है, लेकिन दोनों तंज कसते हुए बोलते हैं-

“चलती है क्या नौ से बारह?”

बात आगे बढ़ती, इससे पहले बशीर चाचा बीच में पड़ जाते हैं:

“लो, पकड़ो अपनी दो चाय! सुबह-सुबह "वन-टू का फ़ोर" क्यों कर रहे हो मियाँ? 

अल्लाह का ख़ौफ़ खाओ। आपस में गले मिलो और एक-दूसरे को माफ़ करके फ़ज्र की नमाज़ साथ अदा करो।”

बशीर चाचा के इतना कहते ही चारों एक-दूसरे की आँखों में देखते हैं और इशारों-इशारों में बात करते हैं। फिर पहले वाला आदमी भी अपनी जेब से सफ़ेद टोपी निकालकर सर पर पहन लेता है।

दोनों बशीर चाचा को चाय का पैसा देकर मस्जिद की तरफ़ रवाना हो जाते हैं।

लगभग दस-पंद्रह मिनट बाद वह पहला आदमी भी चाय-बिस्कुट का हिसाब चुकता करके मस्जिद की तरफ़ चल पड़ता है। मस्जिद बशीर चाचा की दुकान से बस दो सौ मीटर की दूरी पर थी।

अचानक, लगभग पेंतीस-चालीस मिनट बाद मस्जिद से दस-पंद्रह राउंड बंदूक की गोलियों की आवाज़ गूँजती है। बाहर अफ़रा-तफ़री का माहौल बन जाता है। लोग इधर-उधर भागने लगते हैं। भीड़ में से कोई चिल्लाता हुआ दौड़ता है:  

“अरे! हाफ़िज़ साहब और उनके सुरक्षाकर्मियों को तीन नक़ाबपोशों ने गोली मार दी…

और मोटरसाइकिल पर भाग गए!”

मैं भी मस्जिद की तरफ़ दौड़ा। देखा कि लोग बिना चप्पलों के अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। सियालकोट पुलिस की जीप आ चुकी थी और लोगों से भगदड़ न मचाने तथा जगह खाली करने की अपील कर रही थी। भीड़ छंटने के बाद पुलिस ने चारों तरफ़ “POLICE LINE DO NOT CROSS” का मोटा टेप लगा दिया।

सुबह से दोपहर और दोपहर से शाम तक मस्जिद के चारों तरफ़ और बाज़ार में सन्नाटा पसरा रहा। मैंने भी आज अपना नारियल-पानी का ठेला न लगाना ही मुनासिब समझा। आस-पास की दुकानें बंद थीं, इसलिए रात को अंडा-बिरयानी से ही पेट भर लिया। रात भर बिस्तर पर उस घटना के बारे में सोचते-सोचते न जाने कब सुबह के चार बज गए।

फ़ज्र की नमाज़ का वक़्त हो रहा था। मैं जल्दी बिस्तर से उठा और मस्जिद की तरफ़ निकल पड़ा। रास्ते में देखा-बशीर चाचा की दुकान कल की तरह आज भी खुली हुई थी। चिड़ियाँ पेड़ों की डालियों और मकानों पर बैठकर कल की तरह ही चहचहा रही थीं। लेकिन भीड़ कल के मुक़ाबले आज काफ़ी कम थी फिर भी मस्जिद से अज़ान की आवाज कानों में आ रही थी।

मैंने बशीर चाचा से एक कड़क अदरक वाली चाय बनाने को कहा और सामने पड़े रोज़ाना अख़बार “सैफ़-उल-अख़बार” को ग़ौर से पढ़ने लगा। पहले पन्ने पर मोटे-मोटे काले अक्षरों में उर्दू में लिखा था:

“चाचा शाहिद लतीफ़ और उनके सुरक्षाकर्मी हाशिम की तीन अज्ञात नक़ाबपोश बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शहर में अफ़रा-तफ़री और डर का माहौल।”

अख़बार आधा ही पढ़ा था कि बशीर चाचा ने मेरे टेबल पर चाय रख दी-इस बार एक नहीं, दो कप।

एक कप बशीर चाचा अपने लिये लाये थे।

मैं थोड़ा असहज महसूस करने लगा। तभी बशीर चाचा ने अपना हाथ मेरे हाथ पर रख दिया, मेरी आँखों में देखा और पूछा:

“दो और दो?”

मैं निशब्द और स्तब्ध रह गया। उन्होंने फिर पूछा-  

“दो और दो?”

मैंने जवाब दिया- 

“सात… दो और दो सात।”

मैं समझ गया था कि जो मैं सोच रहा हूँ, वही बशीर चाचा भी सोच रहे हैं। दोनों के ज़ेहन के एक कोने में पठानकोट 2016 की धुँधली-सी तस्वीर उभर आई। बशीर चाचा की आँखों में पुराना दर्द था, लेकिन आज वे ख़ुश नज़र आ रहे थे-क्योंकि जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी और 2016 के पठानकोट एयरबेस हमले का मुख्य साज़िशकर्ता शाहिद लतीफ़ मारा जा चुका था।

सूरज की रोशनी और भीड़ दोनों धीरे-धीरे बढ़ रही थीं।फ़ज्र की नमाज़ का वक़्त ख़त्म होने को था। मैंने सर पर सफ़ेद टोपी लगाई, बशीर चाचा को “दो और दो सात” कहा और मस्जिद की तरफ़ चल पड़ा।                                                    जारी है.......