तब याद तुम्हारी आती है
जब मन निराश हो जाता है
सब कुछ उदास हो जाता है
जब रात डराने लगती है ,
जब स्वप्न सताने लगते है
जब सावन पतझर हो जाए
हरियाली बंजर हो जाए
जब दिन काटे ना कटता हो
जब मन , मन में ही घुटता हो
जब रोने का मन करता है
पर आंसू तक ना आते हों
जब लिखने का मन करता है
पर हाथ न चलने पाते हो
जब इतनी सारी पीड़ा से
मन थककर गिरने लगता है___
तब याद तुम्हारी आती है
तब याद तुम्हारी आती है _________
जब सुबह अधूरी नींद लिए
मन आधे मन से उठता है
जब शीशे में खुद का चेहरा
यूं उखड़ा उखड़ा दिखता है
जब घर में लड़ता रहता हूं
मैं छोटी - छोटी बातों पर
जब प्रश्न चिन्ह लगने लगते है
सावन की बरसातों पर
जब मां गुस्सा हो जाती है
बाबा भी चुप चुप रहते है
जब मन में शोर मचा हो पर
हम फिर भी कुछ ना कहते हैं
जब दोस्त बहाने देते है
अपने भी ताने देते हैं
जब इतनी सारी उलझन में
मन टूट बिखरने लगता है____
तब याद तुम्हारी आती है
तब याद तुम्हारी आती है ___________
- Vishal patidar

