नमस्कार,
मैंने ये कविता मेवाड़ रतन महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करने के लिए लिखी है। इन शब्दों के माध्यम से राणा जी को नमन तथा kavishala पर मेरी दूसरी कविता एक कवि के रूप में।
"वो महाराणा रखवाला था"
मेवाड़ के इतिहास में, कुछ सुनहरा घटने वाला था,
जन्म लिया एक वीर ने, दिन वो बड़ा निराला था।
गर्व करे ये मिट्टी जिस पर, ऐसा वो मतवाला था,
नमन करे उस वीर को, वो महाराणा रखवाला था।
शत्रु ना जिस को जीत सके, वो दिव्य प्रताप उजाला था,
हुंकार भर मेवाड़ से, दिल्ली लोहा ले डाला था।
बैचैन हुआ अकबर भी क्योंकि, पड़ा शेर से पाला था,
घाव सहूं पर दाग नही, महाराणा वो रणबाला था।
हल्दीघाटी प्रचंड युद्ध मे, बहा रक्त का नाला था,
क्या बहलोल, क्या मानसिंह, क्या शासक मुगलों वाला था।
देशभक्ति, बलिदान था रग में, हाथों में शोभित भाला था,
अवतार रूप वो एकलिंग का, चेतक सवारी वाला था।
स्वाभिमानी सिंहासन पर, मुगलों का साया टाला था,
नमन करे उस वीर को, वो महाराणा रखवाला था।

