एक बार फिर इतिहास को टटोला जायेगा
कभी मन्दिर कभी मस्जिद
कभी मोहब्बत को तोलेंगे
तो कभी मोहब्बत की कब्र को खोदा जायेगा
नींव परेशान हैं हर पुरानी इमारत की
देखा है इन्होंने हर दौर
प्यार का कत्ले आम का भी
है कोई इस दौर में
जो ईंट इंसानियत की लगायेगा
एक डर है खौंफ़ ज़द़ा हैं जिंदगियां
बेजान इमारतें भी अब तो कांपने लगी हैं
विरासते थीं कभी अतीत की जो
काला धब्बा उन्हें अब
सियासते आंकने लगी हैं
कत्ल आज का करके
अब अतीत संवारा जायेगा
ये सियासत का रंग है
या खेल सांप सपेरे का
बीन बजाकर जो इमारतो का
विष उतारा जायेगा
एक बार फिर इतिहास को टटोला जायेगा
कभी मन्दिर कभी मस्जिद
कभी मोहब्बत को तोलेंगे
तो कभी मोहब्बत की कब्र को खोदा जायेगा ।
डाँ. विनोद कुमार
