सरकार हो जाए जब बे लगाम ,
और विपक्ष अपंगता ढोता है,
रोता है हाँ रोता है ,
भारत बिलख के रोता है।
अन्नदाता जब बेबस होकर,
जान फांसी लगाकर खोता है,
रस्सी पर झूलती किसान की गर्दन,
फंदा सरकारी दमन का होता है,
रोता है हाँ रोता है,
भारत बिलख के रोता है।
चीखें बेबस बहन बेटियों की
जब पत्रकार मेरे महान देश के,
बड़ी बेशर्मी से दबाते हैं,
जब ईमान बेच सत्ता के बाजार में,
तलवे नेताओ के चाट के खाते हैं,
रोता है हाँ रोता है ,
भारत बिलख के रोता है।
जब भारत कहते लोग गांव को,
और गाँव भूखा सोता है,
जब सरहद पर शहीद हुए बेटे के ,
किसान पिता को ,
दो टके का नेता कोई पत्रकार,
चिल्लाकर आतंकी कहता है,
रोता है हाँ रोता है,
भारत बिलख के रोता है।
तिरंगे की आड़ में छुप जब गुंडे लफंगे,
लाल किले को जख्मी करते हैं,
तिरंगे की आबरू लूटने वालों के फोटू ,
जब राज महलो में मिलते हैं,
रोता है हाँ रोता है,
भारत बिलख के रोता है।
जब राजा मीठा मीठा बोलकर
छल प्रजा से करता है,
गरीब के चूल्हे की आंच बुझाकर,
जब चिलम् धनवान की भरता है,
रोता है हाँ रोता है,
भारत बिलख के रोता है।
जय जवान ,जय किसान ,जय हिंद
डॉ.विनोद कुमार
30/01/2021

