भूल जाओगी क्या तुम भी मुझे,

जैसे नदी भूल जाती है

बहती-बहती अपना स्त्रोत,

जैसे एक नेता भूल जाता है

चुनाव से पहले किए वादे

जैसे मयूर भूल जाता है

नाचते हुए अपने इर्द-गिर्द को

जैसे शहर में लोग भूल रहे हैं गाँव के बारे में

इंसान भूल रहा है जैसे मर्यादा अपनी

और सागर तोड़ रहा है सीमाएँ॥

भूल जाओगी क्या तुम भी मुझे

जैसे अँधेरा भुला देता है

सारी चमकती चीज़ों की पहचान

जैसे समाज भुला देता है

समय के साथ अभिनेता का गान

भूल जाते हैं हम जैसे

खाली दिनों को बीत जाने के बाद

भूल गया है जैसे मेरा बचपन मुझे

मधुर जवानी की बातें मैं भूल रहा हूँ

आईना तक भुला रहा है मुझे

मिट रहे हैं मेरे निशान समाज से

मैं ख़ुद भी भूल जाऊँगा शायद ख़ुद को मगर

ये सब और बात है,

जाने कैसा लगेगा

भूल जाओगी जब तुम मुझे॥