मुझे अपनी ज़िंदगी में आई
औरतों की आवाज़ याद नहीं
जबकि मैंने इस जीवन में
सबसे पहली आवाज़
शायद किसी औरत की ही सुनी होगी
जो मुझे पैदा करने आई
दाई की भी हो सकती है
या इतने बड़े दुःख से एकाएक सुख
महसूस करती मेरी माँ की भी
हाँ ये बात ज़रूर है
कि जब मैं निकलता था घर से बाहर
तो महिलाओं को कम ही
पाता था उस तरह
जिस तरह समाज के पुरुष मिलते थे
अगर कोई औरत मिलती भी
तो बोलती नहीं थी
मगर उनके हाव भाव बोलते थे
फिर स्कूल में भी
दो ही लड़कियाँ पढ़ती थी
और उन्हें भी ये सिखाया गया था
कि अच्छी लड़कियाँ कम ही बोलती हैं
सो वो भी चुप ही रहती थी।
मैं कई बात सोचता हूँ
कि हमारा समाज कितनी जल्दी
कहावतें बना देता है
जैसे कि दो औरत अगर साथ हो
तो कभी चुप नहीं रहती
जबकि ये कहावत ऐसी भी हो सकती थी
कि एक औरत को बोलने के लिए
दूसरी औरत के मिलने का
इंतजार करना पड़ता है।
जैसे हर समाज बदलता है,
प्रगतिशील होने का दावा करता हुआ
ऐसे ही मेरे इर्द गिर्द का समाज भी बदला
तो मैंने पाया औरतें सच में बोल सकती हैं
बस उन्हें कोई सुनने वाला चाहिए
मगर मुझे उस तरह किसी भी
औरत की आवाज़ याद नहीं
जिस तरह मुझे अपने किसी दोस्त,
अध्यापक या अपने पापा की याद हो।
मुझे आज महसूस होता है
कि जैसे बहुत सी अच्छी कविताओं
को सुनते हुए ये लगता है
कि ये कभी ख़त्म ही ना हो
ऐसे ही हमें किसी औरत को
बोलते हुए कभी नहीं रोकना चाहिए
क्योंकि उनकी आवाज़
समाज का संगीत है
उनकी आवाज़ की ऊँचाई
समाज की नींव की गहराई है
उनके चरित्र को इन
विशेष गुणों से ना तौला जाएँ
तभी मुझ जैसे किसी
पुरुष की स्मृति में इज़ाफ़ा होगा
और उसे भी किसी औरत
का बोला याद रहेगा।
