तुम मुझे कहाँ ढूंढते हो?

मेरी कुछ एक

छिछली ,फिसली,उछली बातों में?

या मेरे कुछ तुच्छ,हल्के ,उजड्ड कामों में?

कितना आसान होता

सब कुछ समझ लेना,

अगर खुद को एक

लकीर की तरह खींच देता

कभी न घिसने वाले

फौलाद के सीने पर,

किन्तु मैं तो

जितना बनता हूं

उससे ज्यादा मिट जाता हूं,

भंगुर रेत के घरौंदों की तरह

समय की चादर से

छनी हुई रोशनी सा,

अगले ही पल

स्वयं के स्रोत

और मेजबान के बीच

खुद को ढूंढ रहा होता हूं,

होकर भी नही हूँ ,जैसे

और भी होना चाहता हूँ.

ऐ,अपनी आंखों में ढूंढने वाले,

शीशे में भी नही दीखता मैं,

शायद वैसे ही

जैसे शीशा नही दीखता खुद में,

जैसे आकार ही न ले पाया हो

शून्य सा,

एक त्रिआयामी

डिबबे में कैद हूँ ,

और साकार होना चाहता हूँ...