कभी-कभी नज़र आता है,
हवा में सुकून नज़र आता है,
समंदर में आसमाँ का मिलन नज़र आता है,
डगमगाती दुनिया में ठहराव नज़र आता है,
तेरे रहते घर भी दरबार नज़र आता है,
तेरे होने का एहसास नज़र आता है।
कभी-कभी नज़र आता है,
जीने का अंदाज़ नज़र आता है,
उम्मीद का अंबार नज़र आता है,
मंज़िल का रास्ता आसान नज़र आता है,
तेरी गोद में आराम नज़र आता है,
इनकार में इकरार नज़र आता है,
तेरी छाँव में हर नामुमकिन मुमकिन नज़र आता है।
कभी-कभी नज़र आता है,
बचपन बड़ा शानदार नज़र आता है,
पराँठे संग अचार नज़र आता है,
बिस्तर पर गीला तौलिया-और डाँट नज़र आता है,
चूड़ियों की खन-खन में घर-बार नज़र आता है,
ये निकम्मा भी तुझे लाल नज़र आता है,
हाँ माँ, ये सच है-तुझमें भगवान नज़र आता है।