अब तो बहुत कुछ भूलने लगा हूँ,
दिल चुप है,
दिमाग़ से बोलने लगा हूँ।
कभी उससे चाहा था जो,
वो आज ख़ुद में
ढूँढ़ने लगा हूँ।
दिन आता है,
चुपचाप गुज़र जाता है,
और मैं हैरान हूँ,
कितना कुछ भूलने लगा हूँ।
एक वक़्त था
जब चुप रहना ही मेरा जवाब था,
अब थोड़ा-थोड़ा
ख़ुद से बोलने लगा हूँ।
राज़ बहुत थे
दफ़्न सीने में,
अब उन्हें हवा देने लगा हूँ,
कुछ कहने, कुछ भूलने लगा हूँ।
दरिया को झुकते देखा है इन आँखों ने,
ज्वार का उठना भी
अब भूलने लगा हूँ।
जो पीछे छूट गया,
अब उसे आवाज़ नहीं देता,
जो बचा है मुझमें,
उसे सँवारने लगा हूँ।
न किसी से शिकवा बाकी है,
न बीते कल से कोई सवाल,
अपने हिस्से की कहानी
ख़ुद अब लिखने लगा हूँ।