मैं हाथ जोड़कर कहती थी,
तुम सादर मुझसे मिल लेना।
मेरी आँखों में जो ठहरा है,
वह दर्द कभी तो पढ़ लेना।

मैं विनती करती रहती थी,
तुम पीर मेरी समझ लेना।
बहुत सताया, बहुत रुलाया,
अब और नहीं, यह सुन लेना।

मेरी चुप्पी मेरी हार नहीं,
यह वहम ज़रा-सा मिटा लेना।
मैं मूर्ख नहीं, बस मौन रही,
यह फ़र्क समय पर पढ़ लेना।

हर चोट छिपाकर हँसती थी,
हर ज़ख़्म अकेले सहती थी।
जिस घर को मैंने स्वर्ग किया,
उस घर में रोज़ मैं मरती थी।

अब रूप बदलकर कहती हूँ,
तुम कान खोलकर सुन लेना।
जो आँसू कल तक बहते थे,
अब उनमें अंगार चुन लेना।

मैं चीख-चीखकर कहती हूँ,
अब हाथ न मुझ पर धर देना।
मैं चंडी भी बन सकती हूँ,
यह बात ज़ेहन में रख लेना।

जिसे राख समझकर रौंदा था,
वह फिर से उठकर खड़ी हुई।
जो कल तक भीतर टूटी थी,
अब अपने मान पर अड़ी हुई।

अब हाथ उठाने से पहले,
अंजाम ज़रा-सा पढ़ लेना,
प्रेम मिले- मैं जीवन हूँ,
अपमान मिले—प्रलय समझ लेना।