निकला हूँ सफ़र में, मैं अपना मुक़ाम ढूँढ रहा हूँ
ज़मीन मिल चुकी है, मैं अपना आसमान ढूँढ रहा हूँ
निकल गया था छोड़ घर मैं अपनी ज़रूरतों के लिये
छूट गया था गाँव में, मैं अपना सामान ढूँढ रहा हूँ
सब बुलाते मुझे इसके उसके नाम से पता नहीं क्यों
वजूद को तलाश रहा, मैं अपनी पहचान ढूँढ रहा हूँ
बारीश में चला करती थी काग़ज़ की नाव हमारी
चला था जहाँ नंगे पैर, मैं पैरों के निशान ढूँढ रहा हूँ
चला करते थे हँसी ठहाकों के दौर रात और दिन
कहीं खो सा गया सब, मैं अपनी मुस्कान ढूँढ रहा हूँ
कमरों में नहीं खेत खलिहानों में दौड़ते थे जब हम
गिल्ली डंडा, पिठठू खेलने को मैं मैदान ढूँढ रहा हूँ
निकला हूँ सफ़र में, मैं अपना मुक़ाम ढूँढ रहा हूँ
ज़मीन मिल चुकी है, मैं अपना आसमान ढूँढ रहा हूँ