मुरलिया डोम से मुराली चाचा तक
__________________________
आपके सभ्य समाज में
मैं कहां आता हूं?
संविधान का अनुच्छेद 15
कितना महत्वपूर्ण है मेरे लिए
मेरे सारे बच्चे डोमवा
और बच्चियां डोमिनिया बन कर ही रह गए हैं
सबके साथ और सबके विकास में
मैं दूर कहीं छूट गया हूं
जब कोई मर जाता है गांव में
तब मुझे निमंत्रण आता है खाने का
पूरे परिवार समेत बैठा दिया जाता है
जमीन पर और परोस दिया जाता है
ऊपर से ही दही चुरा और चीनी के साथ पूड़ी सब्जी
तुम कहते हो खाओ और चिल्ला कर
‘जग पूरा है’ का जयकार लगाओ
और मैं लगता हूं जयकार
तुम्हारे जग के पूरा होने का
लेकिन क्या सिर्फ कोई मरेगा
तभी जग होता है तुम्हारे यहां?
अपने लड़के या लड़की की शादी में
जयकार लगाने के लिए
तुमने आज तक नहीं बुलाया
अगर बुलाया भी तो सिर्फ सिंघा बजवाया
फिर कहीं अलग बैठाकर खिला दिया
दो पूड़ी और सब्जी
मैं भी उतना ही हिंदू हूं
जितना की देश के प्रधानमंत्री
लेकिन कोई सनातनी
मेरे यहां कभी पानी नहीं पीता
वैसे तो मैं तुम्हारे लिए
मुरलिया डोम हूं
और चुनाव में मुराली चाचा।
© विकास गोंड

