मेरे पतझड़ों के दौर में
मैं खुद को समझाता रहा
तेरी पतझड़ों की जंग से
मैं कुछ सबक लेता रहा
बाबजूद बुरे उस दौर के
कितना निखर आया है तू
लगा नहीं कि इस क़दर
तू मौसमों से लड़ता रहा
मौसम बेरहम सही,
उसका तो मिज़ाज है वही
वो मुझको परखता रहा
मैं उसको परखता रहा
पतझड़ तो आता ही है
हर शय का हर शख्स का
बस आने वाले बसंत की
उम्मीद में मैं ज़िंदा रहा
यही उम्मीद दिल में लिए
कि फिर से खिलेंगे गुल नये
मैं मौसमों की मार बस
सहता रहा लड़ता रहा
