कुछ आग सीने में लिए
कुछ आग काँधे पे लिए
तुम्हें आग से बचाने को
आग पर चलता हूँ मैं

बर्फ़ की चादर लपेटे
कभी सूरज सिरहाने लिए
चट्टान बन कर कभी
आँधियों से लड़ता हूँ मैं

ज़िंदगी के ये फलसफ़े
तुम न समझाना मुझे
मौत की आँखों में ही
हर वक़्त झांकता हूँ मैं

मुझे मेरे हाल पे छोड़ दो
ये तो बस जुनून है मेरा
अपने वतन की शान पर
हर हाल में क़ुर्बान हूँ मैं

जीना भी देश के लिये
मरना भी देश की ख़ातिर
मेरा कतरा कतरा देश का
देश का सिपाही हूं मैं

#kargilvijaydivas