गिरहा गिरहा जोड़ा मैंने
अपनी विरहा की सांसों को
बूंद बूंद संजोया मैंने
जीवन की सगरी प्यासों को

मीत की यादें मन के मोती
चंद भी हों तो चांद के जैसी
मोतियों सा पिरोया मैंने
उन छोटी छोटी यादों को

कौन भला समझेगा यूं
दर्द चमकते हीरों का
दिल में संजो कर रखा है
अपने हीरों से अश्कों को

रहें अधूरे या पूरे हों
हों जीवंत या टूटे बिखरे
पलकों पे सजाया है मैंने
तारों से दमकते सपनों को

#wandering_gypsy_rns