राम राज्य में सिर्फ राम नहीं थे
थोड़ा थोड़ा सबमें राम थे

विचार राम के थे जरूर
पर आचार प्रजा का था
आदर्श सभी के राम ही थे
व्यवहार सभी का अद्भुत था
राम राज्य में सिर्फ राम नहीं थे
हर जन में कुछ राम बसे थे

संहार रावण का किया राम ने
हर सत्य असत्य पर भारी था
हर निर्बल को बल दिया राम ने
जन जन ने बल दान दिया था
उस धर्म युद्ध में सिर्फ राम नहीं थे
लक्ष्मण,सुग्रीव,हनुमान भी थे

बुरा समय जब आया तो
सबने कर्तव्य निभाया था
इक इक कण इक इक पत्थर से
अद्भुत सेतु बनाया था
उस राम सेतु में सिर्फ राम नहीं थे
नल-नील भी थे, नर थे बानर थे

सगे-संबंधी,बन्धु, परिजन
लगी होड़ थी परस्पर त्याग की
राज्य-हित में मर मिटने को
सब जन हर पल तत्पर थे
उस सतयुग में सिर्फ राम नहीं थे
थोड़ा थोड़ा सबमें राम थे

परीक्षा से कोई परे नहीं था
परिश्रम से कोई डरा नहीं था
आपस में मतभेद नहीं था
राजा रंक का भेद नहीं था
राम राज्य में सिर्फ राम नहीं थे
थोड़ा थोड़ा सबमें राम थे
सभी खास थे, आम नहीं थे

राम राज्य कोई मिथक नहीं है
राम राज्य कोई स्वप्न नहीं
राम तो आस्था है मन की
राम संतृप्ति है तन की
राम आचरण, राम विचार है,
प्रेम से ओतप्रोत राम व्यवहार है

राम बसें हो जब घर घर में
राम राज्य की नींव वहीं है
हर जन में कुछ राम बसे हों
राम राज्य का सार वहीं है

#wandering_gypsy_rns