मेरी खिड़की से सटी
बोगैनविलिया की बेल
जाने क्यों एहसास दिलाती है
तेरे पास होने का
मैं जब भी उसे
मोड़ता हूँ बाहर की तरफ़
छिटक कर, कर लेती है
अंदर का रुख़ फिर से
खिड़की से जबरन
अंदर आने की ज़िद हो जैसे
जैसे बेताब हो
मुझसे लिपटने के लिए
उसके रंग बिरंगे फूल
तमाम मुस्कुराहटें लिए
दिखते हैं आतुर
मेरे हाथों में अपनी
सारी ख़ूबसूरती
उड़ेल देने के लिए
और फिर मैं धीरे से
सहेज कर सजा देता हूँ उसे
वापस उसी खिड़की पर
ताकि वो नजरों से
ओझल न हो ,और
तुम्हारे होने का
एहसास बना रहे
और वो बेल जैसे
एक प्यास,एक टीस
एक मुस्कुराहट,
जस की तस,
बैठी रहती है
खिड़की पर अपना
सिर टिकाए
अगली #मुलाक़ात की
इंतेज़ार में
फिर से गुत्थमगुथा होकर
लिपट जाने की इंतज़ार में
